Agra News: खबरें आगरा की...

विजय शिवहरे ने ग्राम पंचायतों में एक करोड़ से सीसी सड़कें बनवाई 
आगरा, 10 अप्रैल। एमएलसी एवं प्रदेश मंत्री (भाजपा) विजय शिवहरे ने विधायक निधि से लगभग ₹1 करोड़ की लागत से विभिन्न ग्राम पंचायतों में सीसी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराए।
शिवहरे ने बताया कि ग्राम नैनाना ब्राह्मण में राजीव गार्डन से बन्टी शर्मा के घर होते हुए बृजेश के घर तक, ग्राम तेहरा में भगवान सिंह के प्लाट से हरीचन्द के घर तक, ग्राम पंचायत सलेमाबाद (गढ़ी नन्दू) में श्यामबाबू के घर से बृजेश के घर तक, ग्राम सगुनापुर में प्राथमिक पाठशाला से कम्पोडर के घर तक, ग्राम गोपऊ में ठाकुर प्रेमसिंह के घर से दीनदयाल के घर तक, ग्राम वॉईखेड़ा में विनोद के घर से राजन के घर तक तथा केदार के घर से विनोद के घर तक, और ग्राम खेड़ाभगोर में राममुकुट के घर से पथवारी माता मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण कराया गया है।
शिवहरे ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।
________________________________________
सुशील नोतनानी ने सिंधी भाषा दिवस समारोह में भाग लिया
आगरा, 10 अप्रैल। राजधानी दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति भवन में शुक्रवार को मनाए गए सिंधी भाषा दिवस समारोह में ताजनगरी से समाज के प्रतिनिधि के रूप में सुशील नोतनानी ने भी भाग लिया।
समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा इंदौर से सांसद शंकर लालवानी अतिथियों के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में देशभर से सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि वे विश्व की प्राचीनतम भाषाओं में से एक सिंधी भाषा को जीवित रखने, उसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। सिंधी समाज के योगदान की भी चर्चा की गई। 
________________________________________
टीयर्स के दो खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्पेशल फुटबाल में शानदार प्रदर्शन
आगरा, 10 अप्रैल। ग्वालियर में हुई दिव्यांग खिलाड़ियों की गोटिया कप राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश स्पेशल ओलंपिक फुटबॉल बॉयज टीम की ओर से मंदबुद्धि शिक्षण संस्थान टीयर्स के गौरव एवं शशांक ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
संस्थान की निदेशिका डॉ रीता अग्रवाल ने बताया कि गौरव और शशांक ने यूपी की टीम को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता 6 से 10 अप्रैल तक अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग स्टेडियम, ग्वालियर में खेली गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने भाग लिया। डॉ. रीता अग्रवाल ने बच्चों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। 
________________________________________
मंत्री ने किया 'बचपन डे केयर सेन्टर' का औचक निरीक्षण
आगरा, 10 अप्रैल। प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने शुक्रवार को विजय नगर स्थित दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा निर्माणाधीन 'बचपन डे केयर सेन्टर' भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय 12 मूकबधिर छात्र उपस्थित पाए गए। माननीय मंत्री जी ने स्वयं छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की और उनके साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण किया। उन्होंने संस्था परिसर में बर्तनों आदि की बेहतर साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत भी दी।
इससे पहले उन्होंने सर्किट हाउस में दिव्यांगजनों के साथ जनसुनवाई की और उनकी समस्याओं को अत्यंत सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय उपनिदेशक एवं जनपदीय विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
________________________________________
राजस्व विभाग की टीम ने ढहाए अतिक्रमण 
आगरा, 10 अप्रैल। जिले के राजस्व विभाग की टीम ने सदर तहसील के ग्राम तनौरा नूरपुर में ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गाटा संख्या 389 रकबा 0.1380 हेक्टेयर नवीन परती की भूमि पर ग्रामीणों ने अवैध कब्जा कर रखा था। इस पर झोपड़ियां भी बना ली गई थीं और भैंसें बांधी जा रही थीं। 
नायब तहसीलदार कुंडौल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटवाकर भूमि को खाली कराया। इसी कार्रवाई के तहत ग्राम के गाटा संख्या 407 रकबा 0.0350 हेक्टेयर खाद के गड्ढे की भूमि को भी कब्जा मुक्त कराया गया। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया। 
________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments