टेढ़ी बगिया पर गेल गैस कंपनी की लाइन में आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, एंबुलेंस लेकर दौड़ी घायल को!! मॉक ड्रिल में परखीं व्यवस्थाएं

आगरा, 28 अप्रैल। फाउंड्री नगर क्षेत्र में गैस लीकेज और आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम भी मौके पर पहुंची और घायल मरीज को तुरंत सुरक्षित तरीके से वाहन में शिफ्ट कर अस्पताल के लिए रवाना किया। 
दरअसल, यह पूरी घटना उद्योगों को गैस की आपूर्ति करने वाली कंपनी गेल गैस लिमिटेड द्वारा आयोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में विभिन्न सेवाओं की तैयारियों और समन्वय की जांच करना था। ड्रिल के दौरान गैस रिसाव और आगजनी की काल्पनिक स्थिति बनाई गई।
मंगलवार को हुई इस ऑफ साइट मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने भी भागीदारी निभाई। मॉक ड्रिल के दौरान गैस पाइप लाइन या संयंत्र में आग लगने पर बचाव और घायलों को त्वरित उपचार के प्रयासों का प्रदर्शन किया गया। 
सुबह ग्यारह बजे से दोपहर दो बजे तक चली इस मॉक ड्रिल में मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र सिंह, अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर, गेल गैस के प्रबन्धक (अग्नि एवं सुरक्षा) दलजीत सिंह, एंबुलेंस के क्षेत्रीय प्रबंधक विनय गुप्ता और ऑपरेशन हेड ललित यादव के अलावा, नायब तहसीलदार व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि गेल गैस कंपनी जिले में लगभग 139 ओद्यौगिक इकाइयों की आपूर्ति कर रही है। इसके लिए गेल गैस द्वारा लगभग 23.5 कि.मी. स्टील और लगभग 8 कि.मी. एमडीपीई पाइपलाइन का नेटवर्क स्थापित किया गया है। कंपनी को वर्ष में एक बार जिला प्रशासन के सहयोग से ऑफ साइट मॉक ड्रिल करनी होती है। 
_______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments