डीपीएस के एक और छात्र ने दी साथी को धमकी, पिता के माफी मांगने पर थाने में हुआ समझौता
आगरा, 28 अप्रैल। दिल्ली पब्लिक स्कूल के एक अन्य छात्र द्वारा दूसरे छात्र को धमकी दिए जाने का मामला तूल पकड़ने के बाद आरोपी छात्र के पिता ने पुलिस थाने में पहुंचकर माफी मांग ली। पीड़ित छात्र के पिता ने भी इस माफीनामे पर सहमति जताते हुए अपनी शिकायत वापस ले ली।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व दिल्ली पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम परिसर में एक छात्र ने दूसरे छात्र के चार दांत तोड़ दिए थे। छात्र का उपचार चल रहा है। उसके पिता ने विभिन्न स्तर पर शिकायतें भी की हैं।
इन दोनों घटनाओं ने यह सोचने के लिए मजबूर कर दिया है कि नई पीढ़ी की सोच और व्यवहार कितना बदल गया है। क्या इसके लिए शिक्षा और परिवार के संस्कार दोनों दोषी हैं? यह एक ज्वलंत प्रश्न है।
ताजा घटना ताज प्रेस क्लब के सचिव पत्रकार पियूष शर्मा के पुत्र के साथ हुई। पियूष ने बताया कि उनका बेटा सेंट पॉल्स स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। पिछले साल तक उसकी कक्षा में साथ पढ़ने वाला आरोपी छात्र अब दिल्ली पब्लिक स्कूल में एडमिशन ले चुका है।
दोनों बच्चों के बीच विगत दिनों इंस्टाग्राम पर डाली गई किसी पोस्ट को लेकर मतभिन्नता हुई। पियूष शर्मा का कहना है कि इसी बात को लेकर डीपीएस के बच्चे ने उनके बेटे को खतरनाक धमकी दे दी। इससे उनका बेटा अवसाद में आ गया और उसने घटना अपने पिता को बताई। पियूष शर्मा ने इसकी शिकायत थाना शाहगंज में की।
इधर प्रेस क्लब के सचिव के पुत्र को धमकी मिलने की जानकारी होने पर क्लब के पदाधिकारियों में भी आक्रोश भर गया। अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने डीसीपी सिटी को पूरे मामले से अवगत कराया। उनकी पहल पर दोनों छात्रों के पिताओं को थाना शाहगंज बुलाया गया, जहां आरोपी छात्र के पिता द्वारा माफी मांगने और अपने पुत्र को समझाने के आश्वासन पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments