सिकंदरा की रबर सोल फैक्ट्री में भीषण आग, तीन घंटे में पाया जा सका काबू

आगरा, 05 अप्रैल। थाना सिकंदरा के अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में रबर सोल की फैक्ट्री में आग लग जाने से लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग और काबू पाया जा सका। अग्निकांड में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को भारी नुकसान की खबर है।

पुलिस के अनुसार, भगवती ढाबे के निकट स्थित साइट ए के श्रीजी इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स में वाधवा रबर सोल फैक्ट्री में सायंकाल करीब पांच बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा के उप निरीक्षक आशीष त्यागी पुलिस बल के सात मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड को भी बुलवा लिया गया और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। 

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रबर और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।

_______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments