आगरा में अग्निवीर-भर्ती पक्की कराने का झांसा दे रहा युवक गिरफ्तार
आगरा, 05 अप्रैल। शहर में चल रही सेना की अग्निवीर भर्ती को लेकर दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। आर्मी इंटेलिजेंस की सतर्कता और थाना सदर बाजार पुलिस की कार्रवाई से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो युवाओं से पैसे लेकर भर्ती पक्की कराने का झांसा दे रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भर्ती में शामिल होने आए अभिषेक राजपूत ने थाना सदर बाजार में दर्ज कराई एफआईआर में कहाकि वह अपने दोस्त अनुराग के साथ एकलव्य स्टेडियम के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक युवक उनके पास पहुंचा और खुद को नीरेश, निवासी बमरौली कटरा बताने लगा। उसने बातचीत में भर्ती प्रक्रिया को लेकर खुद को बेहद प्रभावशाली बताने की कोशिश की। आरोपी ने दावा किया कि उसकी सेना भर्ती प्रक्रिया में अच्छी पकड़ है और वह भर्ती के विभिन्न चरणों में आने वाली दिक्कतों को आसानी से खत्म करा सकता है।
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी ने युवकों को एक लाख रुपये की मांग रखते हुए कहा कि वह मेडिकल समेत भर्ती से जुड़ी सभी बाधाएं दूर करवा देगा और उनकी भर्ती पक्की करा देगा। भरोसा जीतने के लिए उसने अपने मोबाइल फोन में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कुछ स्क्रीनशॉट और कथित दस्तावेज भी दिखाए। लेकिन जैसे ही पैसों की बात आई, अभिषेक को मामला संदिग्ध लगा।
अभिषेक ने समझदारी दिखाते हुए इसकी जानकारी तुरंत आर्मी इंटेलिजेंस को दे दी। इंटेलिजेंस सक्रिय हो गई और स्थानीय पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला गंभीर नजर आने पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पास से कुछ इंजेक्शन और भर्ती से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इंजेक्शन किस उद्देश्य से रखे गए थे। क्या उनका इस्तेमाल मेडिकल जांच को प्रभावित करने के लिए किया जाना था। दस्तावेज असली हैं या फर्जी। आरोपी अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है। इस मामले के बाद पुलिस और सेना ने भर्ती में शामिल युवाओं से अपील की कि मेडिकल, फिजिकल या दस्तावेज सत्यापन में मदद के नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस, भर्ती अधिकारियों या आर्मी इंटेलिजेंस को दें।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments