दिल्ली पब्लिक स्कूल की सफाई- "दिन शुरू होने से पहले हुई मारपीट, स्कूल ने अपनी जिम्मेदारी निभाई" || डीपीएस में तोड़ दिए गए थे एक छात्र के दांत
आगरा, 25 अप्रैल। शास्त्रीपुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में शनिवार की सुबह दो छात्रों के बीच जबरदस्त मारपीट में एक छात्र के चार दांत टूटने की घटना के बाद देर शाम स्कूल के प्रधानाचार्य का कथित पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
इस पत्र में सफाई देते हुए कहा गया है कि स्कूली छात्रों के बीच झगड़ा स्कूल का दिन शुरू होने से पहले हुआ। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार पहला लड़का पहली मंजिल से दूसरे लड़के पर भद्दी और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद, दूसरा लड़का भी पहली मंजिल पर गया, जहां दोनों छात्रों के बीच कहा-सुनी हुई। इस दौरान दोनों छात्रों के बीच हाथापाई हुई।
हाथापाई के दौरान पहले लड़के के मुंह पर चोट आई। दूसरे लड़के के भी हाथों में चोटें आईं। स्कूल अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की। स्कूल के डॉक्टर ने तुरंत प्राथमिक उपचार किया। छात्रों के अभिभावकों को तुरंत सूचित कर दिया गया। पहले लड़के के अभिभावक ने स्कूल पहुँचने पर पूरी जानकारी की पुष्टि किए बिना ही एक वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
वायरल हुए पत्र में कहा गया है कि एक जिम्मेदार संस्था के रूप में स्कूल के डॉक्टर और संबंधित प्रभारी ने बच्चे की स्थिति की जानकारी लेने के लिए अस्पताल का दौरा किया। स्कूल प्रबंधन को बताया गया है कि पहला लड़का ठीक है और चिकित्सा देखरेख में है। स्कूल प्रबंधन उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।
पत्र यह भी कहा गया कि पूरे मामले की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। स्कूल जांच अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है।
पत्र में सभी अभिभावकों और हितधारकों से अनुरोध करते हैं कि वे सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा करने या उस पर भरोसा करने से बचें।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments