सरकार फुटवियर उद्योग को हरसंभव समर्थन प्रदान करेगी- पियूष गोयल || आगरा में हुई इंडिया-न्यूज़ीलैंड बिजनेस मीट, संयुक्त व्यापार संभावनाओं पर मंथन

आगरा, 26 अप्रैल। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल और न्यूज़ीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले की उपस्थिति में यहां रविवार को भारत-न्यूज़ीलैंड सहयोग के तहत कच्चे माल की आपूर्ति, संयुक्त उत्पादन और डिजाइन इनोवेशन के नए अवसरों पर चर्चा की गई। ताजनगरी के फुटवियर उद्योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने, निर्यात को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के लक्ष्य को रेखांकित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री और आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल और न्यूजीलैंड के भारत में उच्चायुक्त पैट्रिक राटा ने भी बैठक में भागीदारी की।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल ने कहा कि सरकार फुटवियर उद्योग को हर संभव नीति समर्थन प्रदान करेगी। वहीं मैक्ले ने भारत–न्यूज़ीलैंड सहयोग को मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच कच्चे माल, डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिससे वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी।
शिल्पग्राम के निकट स्थित एक होटल में सुबह हुई इस इंडिया-न्यूज़ीलैंड बिज़नेस मीट में दोनों देशों के बीच विभिन्न फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और संभावित द्विपक्षीय व्यापार समझौतों के माध्यम से निर्यात में 3 से 5 गुना तक वृद्धि की संभावना जताई गई। न्यूज़ीलैंड के मंत्री के साथ उनके देश का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
बैठक में आगरा को विश्व की जूता राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास करने पर भी चर्चा हुई। आगरा से देश के लेदर फुटवियर निर्यात में 75% से अधिक का महत्वपूर्ण योगदान है। वैश्विक ब्रांड्स, निवेशकों और नीति निर्माताओं को निवेश और साझेदारी के लिए आमंत्रित किया गया। 
इस दौरान सीएलई के चेयरमैन रमेश कुमार जुनेजा, वाइस चेयरमैन सीएलई मुख्तारुल अमीन, फुटवियर और चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर, एफडीडीआई के एमडी विवेक शर्मा, सीएलई के रीजनल चेयरमैन–नॉर्थ मोतीलाल सेठी ने भी विचार व्यक्त किए।
बैठक में वाणिज्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव पेटल ढिल्लों, निदेशक तरुणा डूलिया, अवर सचिव विमलेश कुमार झा एवं वरिष्ठ प्रेस सचिव, न्यूज़ीलैंड जूली जोह्न्स्टन, क्षेत्रीय अध्यक्ष–मध्य सीएलई यादवेंद्र सिंह, सीएलई के क्षेत्रीय निदेशक अतुल मिश्रा, उपनिदेशक आरके शुक्ला, एफमेक उपाध्यक्ष राजेश सहगल, राजीव वासन, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनिरूद्ध तिवारी, अजित कलसी, अजय गुप्ता, गगन छाबरा, सुशील सचदेवा, ईशान सचदेवा, किशोर खन्ना, ललित जैन, रजत अस्थाना, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग, नीतेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता उपस्थित रहे।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments