डीएम के कड़े तेवर- "आज से दिन काउंट कर लीजिए....।"
आगरा, 25 अप्रैल। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने एमजी रोड स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी तथा कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन लेडी लॉयल अस्पताल विस्तारीकरण फेज-1, मेडिकल ब्लॉक तथा यूजी/पीजी हॉस्टल का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी सर्व प्रथम इमरजेंसी पहुंचे जहां सर्जरी विभाग, अस्थि रोग, बाल रोग अनुभाग, पीडियाट्रिक, पैथोलॉजी, क्रिटिकल वार्ड, ब्लड लैबोरेटरी, सीटी स्कैन, ओटी का निरीक्षण किया, एक्सरे, सीटी स्कैन मशीन का संचालन, प्रतिदिन मरीजों की संख्या, मरीजों से लिए जा रहे चार्ज की जानकारी ली।
तत्पश्चात जिलाधिकारी एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन लेडी लॉयल अस्पताल विस्तारीकरण फेज-1 व मेडिकल ब्लॉक के कार्यों का निरीक्षण किया, तथा ले-आउट व साइट प्लान देखा। जिलाधिकारी ने संबंधित से कार्य के प्रारंभ तथा पूर्ण होने दी समय सीमा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर को तलब किया तथा लक्ष्य के सापेक्ष निर्माण कार्य में प्रगति न होने पर कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने 15 दिन की समय सीमा तय करते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा गुणवत्तायुक्त निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एसएन मेडिकल ब्लॉक के भी मौके पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जिसमें बताया गया कि 01 ब्लॉक तैयार हुआ है तथा 21 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। जिलाधिकारी ने संबंधित निर्माणदाई संस्था को कड़ी फटकार लगाई और कहा- "आज से दिन काउंट कर लीजिए, मैं दोबारा निरीक्षण करूंगा, 15 दिन में प्रगति परिलक्षित नहीं हुई तो शासन में आपके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही हेतु लिख कर भेज दिया जाएगा।"
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन 07 मंजिला पीजी हॉस्टल ब्लॉक के 06 मंजिलों के कार्य को स्वयं ऊपर चढ़ कर देखा और जिलास्तरीय कमेटी गठित कर सतत निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग, निगरानी करने प्रतिमाह प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक का भी निरीक्षण किया तथा वहां दी जा रही सुविधाओं के बारे में मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल से विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, सीएमओ डॉ अरुण कुमार श्रीवास्तव, एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत गुप्ता, निर्माणदायी संस्थाओं के अभियंता आदि मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments