डीपीएस में छात्र के दांत तोड़े, जबड़े में फ्रैक्चर! स्कूल परिसर में हुई घटना को लेकर उठे सवाल
आगरा, 25 अप्रैल। थाना सिकंदरा क्षेत्र में शास्त्रीपुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में 10वीं कक्षा के छात्र विश्वराज के साथ स्कूल परिसर में ही बेरहमी से मारपीट की गई। इस हमले में छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। उसके कई दांत टूट गए और जबड़े में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद से पीड़ित छात्र बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसकी हालत की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र मशहूर यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा का बेटा है।
घटना स्कूल परिसर के अंदर हुई, लेकिन अब तक स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीयूष मल्होत्रा ने बताया कि शनिवार को बेटा स्कूल गया था। सुबह साढे़ 7 बजे स्कूल से फोन आया कि बेटे के हल्की चोट लग गई है। उसे स्कूल से ले जाएं। जब वो स्कूल पहुंचे तो देखा कि बेटे के मुंह से खून निकल रहा था। स्कूल की आया उसे पकड़कर बैठी थीं। मुंह में रूई ठूंसी हुई थी। उसे फर्स्ट एड तक नहीं दी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया है कि स्कूल की तरफ से घोर लापरवाही बरती गई। बच्चे को फर्स्ट एड तक नहीं दी। बच्चा दर्द से चिल्ला रहा था। उसे डॉक्टर को दिखाने के बजाए, फोन कर कह रहे हैं कि हल्की चोट लग गई है। उसे ले जाएं। बेटे को उन्होंने यथार्थ हॉस्पीटल में भर्ती कराया है, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। उनकी ओर से आरोपी छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में शिकायत की गई है। पुलिस भी जांच के लिए डीपीएस पहुंची है।
एसीपी अमीषा ने मीडिया को बताया दो छात्रों के बीच में विवाद हुआ था। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस द्वारा स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और घटना की सच्चाई सामने आ सके। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर छात्र ही हो सकते हैं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि अगर स्कूल परिसर में ही बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो जिम्मेदारी किसकी है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments