पुलिस का खुलासा- पिनाहट के बुजुर्ग ने नहीं खाया था जहर, भूमि प्रकरण राजस्व विभाग की जानकारी में, एक अन्य वाद न्यायालय में लम्बित, पुलिस पर आरोप मनगढ़ंत!
आगरा, 04 अप्रैल। थाना पिनाहट क्षेत्र में भूमि संबंधी विवादों को लेकर अधिकारियों को आरोपित करते हुए जहर खाने की बात कहने वाले बुजुर्ग ब्रज मोहन शर्मा के मामले में नया खुलासा हुआ है।
अपर पुलिस उपायुक्त पिनाहट गिरीश कुमार सिंह का कहना है कि चिकित्सकों द्वारा ब्रज मोहन शर्मा के किसी प्रकार के विषाक्त पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं की गई है। शुक्रवार को विषाक्त पदार्थ खाने संबंधी सूचना प्राप्त होने पर थाना पिनाहट पुलिस द्वारा तत्काल इनको उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ले जाते समय उनकी पत्नी भी साथ थीं। वर्तमान में ब्रज मोहन शर्मा स्वस्थ हैं एवं पत्नी के साथ अपने घर पर हैं।
उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर अंतिम संस्कार को लेकर ब्रजमोहन शर्मा द्वारा आपत्ति की जा रही है, वह सार्वजनिक भूमि है। उक्त सार्वजनिक भूमि को राजस्व विभाग द्वारा श्मशान भूमि हेतु चिन्हित कर आवंटित किया गया है, जहाँ स्थानीय निवासियों द्वारा शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। इनके द्वारा समय-समय पर उक्त भूमि पर अंतिम संस्कार किए जाने का विरोध किया जाता है। विवाद के संबंध में पुलिस द्वारा राजस्व विभाग को अवगत कराया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त एक अन्य भूमि को लेकर इनके व दूसरे पक्ष के मध्य मई-2025 में हुए विवाद के संबंध में थाना पिनाहट पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर अभियोग पंजीकृत किए गए थे। दोनों पक्षों द्वारा दर्ज कराए गए अभियोगों में पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में आरोप-पत्र प्रेषित किए जा चुके हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त ने कहाकि पुलिस द्वारा इनके साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता अथवा मारपीट नहीं की गई है। इनके द्वारा पुलिस पर अनैतिक दबाव बनाने हेतु बार-बार मनगढ़ंत आरोप लगाये जाते हैं। प्रकरण में स्थानीय पुलिस द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। उक्त प्रकरण में पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही शेष नहीं है। आवेदक के शिकायती प्रार्थना पत्र पर प्राथमिकी पंजीकृत कर आरोप-पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया है। शेष भूमि विवाद के संबंध में राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रकरण के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments