अबुलउल्लाह दरगाह के निकट होटल में लगी आग, स्पा सेंटर से होटल में जाने के रास्ते का भी खुलासा

आगरा, 27 अप्रैल। सोमवार की दोपहर शहर में अग्निकांड की एक और घटना हो गई। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत अबुलउल्लाह दरगाह के निकट सर्विस रोड पर स्थित होटल सिटी इन में आग लग गई। सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड की दो दमकलों ने आग पर काबू पाया और आग को और फैलने से रोक दिया।
यह आग दोपहर करीब तीन बजे होटल के एक कमरे में लगी। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे होटल में हड़कम्प मच गया। होटल में मौजूद स्टाफ और लोग निकल कर बाहर की ओर भागे। किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर स्टेशन संजय प्लेस से एफएसओ सोमदत्त सोनकर दो दमकलों के साथ पहुंच गए और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।
करीब 45 मिनट के अथक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान होटल के कमरे में रखा सामान और पलंग आदि आग की भेंट चढ़ गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया गया है। किसी जनहानि की सूचना नहीं है। बताया गया है कि यह होटल निखिल शिवहरे नामक व्यक्ति द्वारा द्वारा रेंट पर संचालित किया जाता है। होटल के पास अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिला। 
गौरतलब है कि इससे पहले सुबह मंटोला क्षेत्र में एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी।
स्पा सेंटर में होकर होटल जाने का रास्ता 
एफएसओ सोमदत्त ने बताया कि आग बुझाने के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि होटल के बराबर में दो स्पा सेंटर संचालित हैं और इन स्पा सेंटर में होकर होटल में जाने का भी रास्ता है। अनुमान है कि स्पा सेंटर में आने वाले लोग होटल के कमरों का भी प्रयोग करते होंगे। इस बारे में जांच शुरू कर दी गई है।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments