तो क्या और भी शिक्षिकाएं हैं दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोपी शिक्षक के चंगुल में?

आगरा, 05 अप्रैल। एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने साथी शिक्षिका के सहयोग से एक शिक्षक पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने का गम्भीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना न्यू आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है। पीड़िता का आरोप है कि शिक्षक शादीशुदा है और कई परिवार की इकलौती महिलाओं को बातों में फंसाता रहा है। पीड़िता ने कुछ अन्य महिलाओं के भी उसके चंगुल में फंसने की आशंका जताई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक न्यू आगरा क्षेत्र की निवासी शिक्षिका ने दर्ज मुकदमे में कहा कि उसकी नियुक्ति सीतापुर जिले में वर्ष 2015 में हुई थी। वर्ष 2016 में पति की असमय मृत्यु के बाद आगरा तबादला करा लिया था। वर्ष 2022 में एबीएसए की ओर से स्वीकृत किया गया प्रतिकर अवकाश का स्वीकृति पत्र लेने के लिए साथी शिक्षिका के आवास विकास स्थित घर पर गई थी। यहां आरोपी शिक्षक बैठा मिला। साथी शिक्षिका ने पीड़िता को नशीला पदार्थ मिली कोल्डड्रिंक पिला दी। बेहोश होने पर आरोपी शिक्षक ने दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो खींच लिए।
आरोप है कि एक सप्ताह बाद साथी शिक्षिका ने आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करते हुए एक लाख रुपये मांगे। दोनों आरोपियों ने इसके बाद भी समय-समय पर रुपयों की मांग की, जिसे पीड़िता ने पूरा किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने फोटो प्रसारित करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। 
पीड़िता ने बताया कि आरोपी के शोषण से परेशान होकर उसने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने इलाज कराया और कारण पूछा तो जानकारी दी। इस वर्ष नौ व दस मार्च को भी आरोपी शिक्षक ने पुनः धमकाया और फिर परिजनों को आपत्तिजनक फोटो भी भेज दिए। 
शुक्रवार को पीड़ित शिक्षिका पुलिस आयुक्त से मिलीं। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments