फिल्म 'धुरंधर' में अतीक अहमद को आईएसआई एजेंट दिखाने के सवाल पर भड़के शिवपाल यादव
आगरा, 22 मार्च। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने रविवार को यहां मीडिया से बातचीत के दौरान फिल्म धुरंधर में अतीक अहमद को आईएसआई एजेंट दिखाए जाने के सवाल पर भड़क गए और मीडिया द्वारा एजेंडा चलाने की बात कहने लगे। इस दौरान उन्होंने कुछ मीडिया कर्मियों को भाजपा का एजेंट तक कह दिया।
शिवपाल यादव दोपहर में कालिंदी विहार स्थित निजी हास्पिटल के लोकार्पण समारोह में आए थे। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। इसमें कोई काम नहीं हो रहा है। केवल झूठे मुकदमे, झूठे वादे और झूठे दावे ही किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन का ही अपमान कर रही है। प्रयागराज में माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को स्नान नहीं करने दिया गया। यह उनका और संगम दोनों का अपमान है।
मथुरा में शनिवार को हुए पथराव और बवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में दंगे ही होंगे। कोई काम नहीं हो रहा है। विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि आयोग को निष्पक्ष रहना चाहिए, लेकिन निष्पक्षता नहीं दिखाई दे रही है। इससे आरोप तो लगेंगे ही।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा का रथ निकल पड़ा है। अगले वर्ष विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर भाजपा को हटाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौशालाओं की हालत बेहद खराब है। सपा सरकार बनने पर गौसेवा को प्राथमिकता दी जाएगी और सपा सरकार आने पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक स्थान बाह क्षेत्र को जिला बनाया जाएगा।
शिवपाल यादव दयालबाग स्थित होटल पूनम प्लाजा भी पहुंचे, यहां उन्होंने अपने पुराने मित्र सतीश अरोड़ा, उनके पुत्र मधुकर अरोड़ा और परिजनों से मुलाकात की। सपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शिवपाल यादव का रहनकलां टोल प्लाजा पर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, नितिन कोहली, जिला महासचिव संतोष पाल, मधुकर अरोड़ा, पवन प्रजापति आदि मौजूद रहे।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments