दोस्त ने ले ली दोस्त की जान !! झगड़ा होने पर मारपीट कर कुएं में फेंका
आगरा, 22 मार्च। जनपद के थाना किरावली क्षेत्र में एक दोस्त द्वारा दोस्त की जान लेने की सनसनीखेज खबर सामने आई है। किशोरवय दो दोस्तों में किसी बात को लेकर खेत पर झगड़ा हुआ। इस पर एक दोस्त ने दूसरे को मारपीट कर मरणासन्न कर दिया और उसे कुएं में फेंक दिया, जख्मी अवस्था में डूबकर उसकी मृत्यु हो गई।
इसके बाद हमलावर किशोर खुद थाने पहुंच गया और पुलिस की घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कुएं से शव बरामद किया। मृतक के पिता की ओर से पांच नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया गया है कि मृत युवक सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सलेमाबाद निवासी देवेंद्र सिंह का 16 वर्षीय पुत्र चंद्रवीर उर्फ मोनू कक्षा 11 का छात्र था। चंद्रवीर शुक्रवार शाम लगभग साढ़े छह बजे दोस्तों के साथ घूमने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। उधर रात करीब दस बजे गांव का ही अभिषेक खून से लथपथ हालत में थाने पहुंचा और चंद्रवीर पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए शिकायत की। पुलिस टीम गांव के बाहर खेतों में स्थित कुएं के पास जांच के लिए पहुंची तो चंद्रवीर का शव कुएं में पड़ा मिला।
जानकारी होते ही चंद्रवीर के परिवारीजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। चंद्रवीर के पिता देवेंद्र ने अभिषेक के अलावा गांव के ही उमेश, रामू, राजकुमार, विजय सिंह व अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों दोस्त रात के समय कुएं के पास मौजूद थे। यहां किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोपी अभिषेक ने मारपीट करते हुए डंडे से चंद्रवीर के सिर और शरीर पर कई वार करके उसे अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे कुएं में फेंक दिया। मारपीट में अभिषेक को भी चोटें आईं। वह मौके से भागा तो खेतों में लगे कंटीले तारों से उसे चोटें आईं। डॉक्टरी परीक्षण में अभिषेक के हाथ, चेहरे, गर्दन व शरीर पर 35 चोटों के निशान मिले। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया।
पुलिस को मौके पर दोनों युवकों की चप्पलें भी मिली। कुएं के पास खून के निशान मिले। इसके साथ ही घटनास्थल से साठ मीटर की दूसरी पर खेतों में लगे कंटीले तारों पर भी खून के निशान मिले।
डीसीपी पश्चिम आदित्य ने मीडिया को बताया कि पोस्टमार्टम में किशोर की मृत्यु पानी में डूबने से होना आया है। उसके सिर व शरीर पर चोट के आठ निशान पाए गए हैं। हत्यारोपी से इलाज के बाद पूछताछ की जाएगी, तभी झगड़े का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments