नेताजी के बेटों ने की युवती से बदसलूकी! पुलिस टालती रही शिकायत, सीपी के हस्तक्षेप पर मुकदमा दर्ज
आगरा, 03 जुलाई। नेताजी के बेटों द्वारा युवती से मारपीट और बदसलूकी की शिकायत को थाना शाहगंज पुलिस आठ दिन तक टालती रही। आखिरकार पीड़ित युवती पुलिस आयुक्त की शरण में पहुंची। पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता विगत 23 जून को नई मस्जिद, खवासपुरा क्षेत्र से एक्टिवा से जिम जा रही थी। जाम में फंसने पर उसने हॉर्न बजाया। इसी दौरान फैजान और जुनैद भीड़ से निकल कर आए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई थी। युवती ने किसी तरह खुद को बचाया। उसने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद पीड़िता के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। वे पुलिस के पास गए लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। थाने और चौकी पर सुनवाई न होने पर पीड़िता परिवार के साथ पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से मिली। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद उस पर लगातार समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि आरोपी युवकों के पिता सपा से जुड़े हैं। राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों के कारण पुलिस तत्काल कार्रवाई से बचती रही। अब मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं।__________________________________________
Post a Comment
0 Comments