कूलर में करंट उतरने से पति-पत्नी की मौत, चार बच्चे हुए अनाथ

आगरा, 05 जुलाई। थाना शमसाबाद थाना क्षेत्र के कुतकपुर गांव में शनिवार देर रात एक दंपति की कूलर से करंट उतरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपति का करीब 14 वर्ष पहले विवाह हुआ था। उनके चार बच्चे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक जगदीश (40) पुत्र घीराम सिंह और उनकी पत्नी शशि (35) के बच्चों में दो बेटियां मोना (13) और सोना (10) और दो बेटे सूर्य (9) और हेमंत (7) शामिल हैं। जगदीश गांव में परचून की दुकान चलाते थे और खेती करते थे। वह रोजाना की तरह शनिवार रात लगभग 11 बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। खाना खाने के बाद वे और पत्नी शशि कमरे में सोने चले गए। इस बीच कमरे में चल रहे कूलर में करंट उतर आया। बिजली बोर्ड से निकला एक तार संदूक पर गिर गया, जिससे पूरे कमरे में करंट फैल गया और दंपति उसकी चपेट में आ गए। 
रविवार की सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। परिजनों और ग्रामीणों ने अंदर जाकर देखा तो पति-पत्नी अचेत पड़े मिले। यह देख परिवार में हड़कंप मच गया और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों ने दोनों के पास जाकर देखा तो वह दमतोड़ चुके थे। घटना की जानकारी शशि के मायके में दी गई। शशि के भाई मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी बच्चों को ननिहाल भेज दिया। सूचना मिलने पर शमसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments