आगरा, 03 जुलाई। थाना सिकंदरा क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज घटना के तहत पत्नी द्वारा पति की हत्या कर शव को बाथरूम में खुदाई कर दबा दिये जाने का मामला सामने आया है। परिवारीजनों के शक के चलते करीब डेढ़ माह बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने पति का कंकाल बरामद कर लिया और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला का कहना है कि पति के आत्महत्या कर ली थी, बदनामी के डर से उसने शव को बाथरूम में दफना दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस वारदात को विगत 18 मई को सिकंदरा क्षेत्र में प्राची टावर की रेणुका धाम कालोनी में अंजाम दिया गया। आरोप है कि यहां रहने वाली रुबी शर्मा ने विगत 18 मई को अपने पति सुरेंद्र शर्मा (44 वर्ष) की हत्या कर दी। परिवार को भनक नहीं लगे, इसके लिए बाथरूम में खुदाई कर शव दबा दिया और पक्का फर्श भी करा दिया। रूबी परिवार के लोगों के साथ पति को ढूंढने का नाटक करती रही।
करीब आठ दिन बाद विगत 26 मई को थाना सिकंदरा में पति के लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई। सुरेंद्र शर्मा की तलाश में जुटी थी। सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा को अनहोनी का शक था। वे लगातार अलग-अलग बहानों से रुबी से पूछताछ करते रहे। बार-बार बयान बदलने में फंसी रूबी ने आखिरकार शुक्रवार को सच उगल दिया। अनिल शर्मा ने पुलिस को बुलाकर बाथरूम के फर्श की खुदाई कराई तो सुरेंद्र का कंकाल मिल गया। इसके बाद पुलिस ने रुबी को हिरासत में ले लिया।
खबरों के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के रंजीतनगर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों के साथ रह रहा था। बताया गया है कि सुरेंद्र कोई काम नहीं करता था और शराब का आदी था। पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती थी।
सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा का कहना है कि विगत 18 मई को रूबी ने उन्हें फोन कर कहा कि पुलिस उनके घर दबिश देने आ रही है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। अनिल तत्काल पहुंचे और मां व दोनों बच्चियों को अपने घर ले गए। अगले दिन रूबी भी वहां पहुंची और बताया कि सुरेंद्र घर छोड़कर कहीं चला गया है। 
कई दिन तक सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो 26 मई को रूबी, देवर अनिल के साथ पुलिस चौकी पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और रूबी को साथ लेकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन सुरेंद्र का सुराग नहीं मिला। परिवार के लोगों के अनुसार इस दौरान रूबी सामान्य व्यवहार करती रही। वह पति के गायब होने पर चिंता जताती थी और लोगों के सामने रोती भी थी, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले अनिल अपनी मां को भरतपुर ले गए और उनके बैंक खाते की जांच कराई। परिवार का आरोप है कि मां की पेंशन का पैसा रूबी ही निकालती थी और उन्हें बहुत कम रकम देती थी। इसी बीच अनिल को कुछ बातें संदिग्ध लगीं तो उन्होंने रूबी से पूछताछ शुरू कर दी।
हालांकि पुलिस हिरासत में महिला हत्या की बात स्वीकार नहीं कर रही है। उसका कहना है कि उसका पति अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। डर और बदनामी के कारण उसने शव को बाथरूम में दफना दिया। पुलिस महिला के इस दावे की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट किया जाएगा।
________________________________________