अचानक स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने प्रधानाध्यापक को किया निलम्बित, ब्लैक बोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया, मिड डे मील भी चखा

आगरा, 03 जुलाई। जिलाधिकारी मनीष बंसल शुक्रवार को कलक्ट्रेट में जनसुनवाई के बाद प्राथमिक स्कूलों के आकस्मिक निरीक्षण पर निकले। इस दौरान उन्होंने मिड-डे मील भी चखा। एक विद्यालय में अनियमितताएं मिलने पर प्रधानाध्यापक को निलम्बित कर दिया। एक स्कूल में तो जिलाधिकारी खुद बच्चों को पढ़ाने लगे। उन्होंने चॉक लेकर ब्लैक बोर्ड पर विलेज लिखा और बच्चों से इसका मतलब पूछा। 
जिलाधिकारी ने शुक्रवार को छीपीटोला और रोहता स्थित प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में बच्चों के नामांकन, शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील, स्कूलों में पठन पाठन आदि की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने बच्चों से संवाद कर सवाल पूछे। इसके बाद डीएम ने बच्चों से उन्हें प्रदान की गई नई किताबें, ड्रेस, खाने में मिली सामग्री आदि की जानकारी ली।  उन्होंने यहां खुद चॉक लेकर ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया। डीएम ने यहां मिड-डे मील भी चखा। 
इसके बाद जिलाधिकारी पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहता पहुंचे। स्कूल इंचार्ज प्रधानाध्यापक से स्कूल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्कूल के रसोईघर, कंप्यूटर क्लास, अग्निशमन यंत्र, खेल सामग्री, किट और अन्य संगीत यंत्रों, लर्निंग बाई डूइंग प्रयोगशाला, परिसर की साफ-सफाई, फर्नीचर का निरीक्षण किया। रसोई में मौके पर राशन आदि नहीं मिला। बेतरतीब व्यवस्था मिलीं। डीएम ने स्टाफ से बच्चों के साथ मिड-डे मील की जानकारी ली। सभी ने बच्चों के साथ खाना न खाकर एक स्वर से अपने घर से लाया खाना खाने की बात स्वीकार की।
जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को सही से क्रियान्वयन न करने, लापरवाही बरतने, पठन-पाठन की स्थिति ठीक न होने पर स्कूल की इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुनीता सक्सेना को निलंबित करने का आदेश दिया। उनके खिलाफ चार्जशीट देने तथा शासन को रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश दिए। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments