तेज रफ्तार बोलेरो बनी श्रद्धालुओं का काल, कैला देवी मंदिर से लौटते समय पेड़ से टकराई, पांच की मौत, चार घायल
आगरा, 20 मार्च। कैला देवी करौली से लौटती बोलेरो कार काल बन गई और उसमें सवार पांच लोगों की जान चली गई। यह हृदय विदारक हादसा गुरुवार की देर रात जिले के थाना चित्राहाट क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुआ।
खबरों के अनुसार, बाह-इटावा मार्ग पर अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिसमें पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और तीन वर्षीया मासूम बच्ची सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी लोग राजस्थान के करौली जिले में स्थित कैला देवी मंदिर से दर्शन कर वापस इटावा लौट रहे थे। मृतकों में इटावा के इकदिल निवासी कामता प्रसाद (70 वर्ष), देवेन्द्र (35 वर्ष), सीमा देवी (32 वर्ष), आराध्या (3 वर्ष) और औरैया के प्रतापपुर निवासी ऋषि (20 वर्ष) शामिल हैं।
हादसे में बोलेरो चालक अवनीश (20 वर्ष), रोशनी (22 वर्ष), आदित्य (13 वर्ष) और ऋषभ (18 वर्ष) बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सैफई (इटावा) के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बाह भेज दिया गया।
कहा जा रहा है कि रात के अंधेरे में बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। बोलेरो में नाै लोग सवार थे। सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या हादसा टायर फटने या नींद का झोंका आने की वजह से हुआ।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments