Agra News: खबरें आगरा की....

झूलेलाल जयंती में शामिल होंगे गुलशन ग्रोवर
आगरा, 19 मार्च। झूलेलाल जयंती के उपलक्ष्य में शहर में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में 20 मार्च को हिन्दी फिल्मों के सुप्रसिद्ध खलनायक गुलशन ग्रोवर मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी गुरुवार को संजय प्लेस स्थित एक रेस्तरां में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
आयोजकों ने बताया कि झूलेलाल जयंती पर भजन-कीर्तन, झांकियां तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गुलशन ग्रोवर शाम 7:30 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में कार्यक्रम अध्यक्ष विक्की, संरक्षक रोहित श्रीवास्तव, संयोजक सुमित सतीजा, गौरव राजावत, घनश्याम मूलानी, योगेश सोनी, महामंत्री राजेश धनवानी, मीडिया प्रभारी अमोल दीक्षित मौजूद रहे।
________________________________________
"टीयर्स" में मनाया गया डाउन सिंड्रोम डे
आगरा, 19 मार्च। टीयर्स संस्थान में डाउन सिंड्रोम जागरूकता दिवस मनाया गया, जिसमें इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स से डॉ स्वाति द्विवेदी कोषाध्यक्ष, डॉ अभिषेक गुप्ता संयुक्त सचिव, डॉ ऋषि बंशल एग्जीक्यूटिव मेंबर, डॉ प्रीति जैन मेंबर द्वारा डाउन सिंड्रोम के कारण पहचान व उपाय के बताये गये। इस पर गहन परिचर्चा हुई जिसमें स्टाफ व अभिभावक उपस्थित रहे। बच्चों ने ड्राइंग कंपटीशन व डांस प्रस्तुत किये।
संस्था की निदेशिका डॉ रीता अग्रवाल ने बताया कि बच्चों में अधिक क्रोमोसोम्स आ जाने के कारण मंगोल जाति के लक्षण मिलते हैं जैसे छोटी गर्दन, नाक चपटी होना हथेली छोटी, औसत से कम कद, अस्पष्ट वाणी, जीभ मोटी, चेहरा चपटा व चौड़ा, संज्ञानात्मक कौशल, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई, दृष्टि संबंधी समस्याएं उनकी कमी को छुपाना नहीं है उन्हें किसी स्पेशल स्कूल में जाकर उचित परामर्श लेने की अति आवश्यकता है जिसे उन बच्चों का उचित विकास हो सके।
________________________________________
माँ नरी सेमरी के छड़ी धारक भक्तों ने की बैठक
आगरा, 19 मार्च। सनातन धर्म की पावन परंपराओं के अनुसार चैत्र शुक्ल पक्ष में प्रारंभ होने वाला नवरात्र महोत्सव देवी शक्ति की उपासना का विशेष काल माना गया है। ब्रजमंडल की अधिष्ठात्री एवं उत्तर भारत की प्रसिद्ध नगरकोट कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) की कुलदेवी माँ ब्रजेश्वरी देवी के द्वितीय स्वरूपा माँ नरी सेमरी के नवरात्र मेले हेतु छड़ी धारक भक्तों की बैठक श्री राम हनुमान मंदिर, आगरा किला के समक्ष सम्पन्न हुई।
बैठक में 
नवसंवत 2083 के शुभ अवसर पर तृतीया तिथि को सायं 7 बजे आयोजित होने वाली “आगरा वालों की आरती” की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। जानकारी दी गई कि शुक्रवार, द्वितीया (20 मार्च) को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक हवन-पूजन आयोजित होगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से कन्या पूजन के साथ प्रसादी एवं भंडारा प्रारंभ होगा, जो माँ की कृपा तक निरंतर वितरित किया जाएगा। वहीं शनिवार, तृतीया (21 मार्च) को आरती का आयोजन किया जाएगा। 
________________________________________
23 को होगी नगर निगम अधिवेशन की बैठक
आगरा, 19 मार्च। शहर के विकास कार्यों व पार्षदों के प्रस्तावों पर चर्चा करने के लिए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने 23 मार्च को नगर निगम अधिवेशन बैठक बुलाई है।
बैठक नगर निगम सदन कक्ष में 23 मार्च को 11 बजे से होगी। इसके लिए महापौर द्वारा नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को पत्र लिखकर दिशा-निर्देश दिए हैं। गौरतलब है इससे पूर्व इस बैठक को सात मार्च को बुलाया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा दौरे के चलते बैठक को स्थगित कर दिया गया था।
________________________________________
कला सधिका समिति ने मीठे दूध की प्याऊ लगाई
आगरा, 19 मार्च। संस्कार भारती, कलासाधिका समिति "समृद्धि" द्वारा विक्रम संवत नववर्ष 2083 के शुभारम्भ पर प्रताप नगर चौराहे पर के मीठे दूध की प्याऊ लगाई गई। 
कार्यक्रम में विभाग के संघचालक राजन सिंह, संस्कार भारती के महानगर अध्यक्ष राजीव द्विवेदी, समिति की अध्यक्ष अनीता भार्गव, प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, मीना अग्रवाल, नीता गर्ग, नीमा सिंह और अंजली बंसल, अनिता जैन ने व्यवस्थाएं संभाली।
________________________________________
समाजवादी लोहिया वाहिनी के महानगर अध्यक्ष बने रितिक प्रजापति
आगरा, 19 मार्च। डॉक्टर रामकरन निर्मल प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी लोहिया वाहिनी ने पीलाखार नुनिहाई निवासी रितिक प्रजापति को समाजवादी लोहिया वाहिनी का महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके मनोनयन पर सपा महानगर उपाध्यक्ष बिजेंद्र प्रजापति पूर्व कैबिनेट मंत्री दयाराम प्रजापति, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, जिला अध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा, महानगर उपाध्यक्ष बिजेंद्र प्रजापति, मिक्की अरोड़ा, विकास यादव, अमित प्रताप सिंह यादव, निखिल सिंह, सुमित प्रजापति ने हर्ष व्यक्त किया।
________________________________________
"पापा" ने किया संजय प्लेस में प्रदर्शन 
आगरा, 19 मार्च। शहर में निजी स्कूलों और प्राइवेट पुस्तक विक्रेताओं के कथित गठजोड़ के खिलाफ ‘प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पेरेंट्स अवेयरनेस’ (पापा संस्था) ने गुरुवार को संजय प्लेस में प्रदर्शन किया। 
खूबियों के अनुसार, इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महंगी किताबों की अनिवार्यता करके अभिभावकों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। वजीरपुरा स्थित एक स्कूल द्वारा शासनादेशों के विपरीत निजी प्रकाशकों की पुस्तक सूची जारी कर अभिभावकों को एक निर्धारित दुकान से खरीद के लिए बाध्य किया जा रहा है। 
‘पापा संस्था’ ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों से की है और दोषी विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments