प्रीमियम पेट्रोल 2.35 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ, सामान्य पेट्रोल के दाम यथावत
नई दिल्ली, 20 मार्च। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें 2.09 रुपये से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दीं। दिल्ली में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत अब 107 से लेकर 112.30 रुपये प्रति लीटर तक हो गई है। वहीं मुंबई में प्रीमियम पेट्रोल 115-120.30 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 112-117.30 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई।
हालांकि सामान्य पेट्रोल पुराने दाम पर ही मिलता रहेगा। उसके दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि प्रीमियम पेट्रोल, सामान्य पेट्रोल के मुकाबले पहले से ही पांच से दस रुपये महंगा होता है। इस बढ़ोतरी के बाद यह अंतर और बढ़ जाएगा। यह बढ़ोतरी कच्चा तेल महंगा होने की वजह से की गई है। अमेरिका-इजराइल की ईरान के साथ चल रही जंग की वजह से कच्चा तेल महंगा हुआ है।
आम जनता के लिए राहत है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नहीं छेड़ा गया है। तेल कंपनियों ने आखिरी बार मार्च 2024 में आम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में दो रुपये की कटौती की थी। प्रीमियम फ्यूल की बिक्री कुल पेट्रोल बिक्री का एक छोटा हिस्सा होती है, इसलिए इस बढ़ोतरी का असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ेगा जिनके पास लग्जरी कारें या हाई-परफॉरमेंस स्पोर्ट्स बाइक्स हैं।
आने वाले दिनों में कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों और मिड-ईस्ट में जारी तनाव पर सबकी नजर रहेगी। अगर कच्चे तेल की कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल के पार बनी रहती हैं, तो आने वाले समय में सामान्य पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी बढ़ाई जा सकती हैं।
जानकारों का कहना है कि अगर आपकी गाड़ी 100cc से 1500cc के बीच है और नॉर्मल इंजन वाली है, तो प्रीमियम पेट्रोल की जरूरत नहीं है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments