देहदान को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया जाए, नवीन जैन ने राज्यसभा में उठाया मुद्दा

आगरा, 26 मार्च। सांसद नवीन जैन ने गुरुवार को राज्यसभा में मरणोपरांत देहदान के विषय को उठाया और इस पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश के अनेक चिकित्सा संस्थानों और विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त मानव शरीर उपलब्ध नहीं हो पाते। एक कुशल डॉक्टर के निर्माण के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि यदि देहदान को बढ़ावा दिया जाए तो मृत्यु के बाद भी शरीर चिकित्सा शिक्षा और मानव जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
जैन ने कहा कि दुर्भाग्यवश समाज में अभी भी देहदान को लेकर कई भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं। धार्मिक मान्यताओं को लेकर भ्रम, अंतिम संस्कार को लेकर चिंता तथा सम्मान को लेकर आशंकाएं लोगों के मन में बनी रहती हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि देहदान एक पूर्णतः कानूनी प्रक्रिया है, जिसे पूरे सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न किया जाता है, तथा किसी भी धर्म में परोपकार का विरोध नहीं किया गया है।
सांसद ने कहा कि मानवता और राष्ट्रहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर समाज का ध्यान आकर्षित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने महर्षि दधीचि का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि लोककल्याण के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करना ही सच्चा धर्म है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments