Agra News : खबरें आगरा की....
कलाओं में भारतीय दृष्टि विकसित करेगी संस्कार भारती: अभिजीत गोखले
आगरा, 25 मार्च। कलाओं में भारतीय दृष्टि विकसित करने के संदेश के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक और संस्कार भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री अभिजीत गोखले और क्षेत्रीय संगठन मंत्री व प्रचारक विजय कुमार का एक दिवसीय प्रवास संपन्न हुआ। संस्कार भारती के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक में गोखले ने संस्था की गतिविधियों और उनके विस्तार पर गहन चर्चा की।
बैठक में सुभाष चंद्र अग्रवाल, बांकेलाल गौड़, नन्द नन्दन गर्ग, राजीव द्विवेदी, ओम स्वरूप गर्ग, राजीव सिंघल, प्रदीप सिंघल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। संचालन नन्द नन्दन गर्ग ने किया।
_________________________________________
42 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास
आगरा, 25 मार्च। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की विधायक निधि से दयालबाग में राम मोहन विहार कॉलोनी के जीर्ण-शीर्ण पार्क की बाउंड्री, नई आबादी चर्च रोड सिकंदरा की सड़क का निर्माण सी.सी फर्श द्वारा तथा बोदला रोड के पास मंगलम विहार कॉलोनी के पार्क की बाउंड्री व पार्क के जीर्णोद्धार का शिलान्यास दयालबाग, कैलाश व दीनदयाल मंडल अध्यक्ष क्रमश: योगेश दिवाकर, पिंटू शर्मा, राहुल जैन ने किया। यह सभी कार्य लगभग 42 लाख रुपये की लागत से होंगे। साथ में वरिष्ठ नेता डॉ पार्थसारथी शर्मा, पार्षदगण भरत शर्मा, प्रेमदास चौधरी, अमित दिवाकर, गौरा देवी, प्रवीणा राजावत के साथ साथ अचल सिंह, राजेश रावत, मनीष अग्रवाल, टी.एन चौहान, गगन तोमर, मनोज चौहान, सुधीर शर्मा उपस्थित रहे।
_________________________________________
26 और 27 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित
आगरा, 25 मार्च। प्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए आदेशों के अनुपालन में जिला प्रशासन की ओर से भी रामनवमी पर दो दिन 26 और 27 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इन तिथियों में स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान ने अवगत कराया है कि शासन द्वारा वर्ष 2026 के लिये घोषित अवकाश सूची में दिनांक 26-03-2026 को रामनवमी का घोषित सार्वजनिक अवकाश के अलावा दिनांक 27-03-2026 का भी प्रदेश में रामनवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
प्रदेश में 26 और 27 मार्च को रामनवमी की छुट्टी घोषित की गई है। 29 मार्च को रविवार का अवकाश रहेगा। इसके अगले दिन 31 मार्च को महावीर जयंती है। इसका भी अवकाश रहेगा।।केवल 30 मार्च को ही स्कूल व सरकारी कार्यालय खुलेंगे।
_________________________________________
जीआईसी मैदान में सजेगी भीमनगरी, अंबेडकर जयंती को लेकर डीएम ने दिए दिशा-निर्देश
आगरा, 25 मार्च। भीमनगरी समारोह के आयोजन एवं ग्यासपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित भीमनगरी व शोभायात्रा, विकास कार्यों को लेकर विधायक डॉ.जीएस धर्मेश, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी तथा समारोह आयोजन समिति के पदाधिकारियों की बैठक जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर हुई।
बैठक में विकास कार्यों, साफ सफाई, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में समिति के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि शोभायात्रा नाला काजीपाड़ा से होकर गुजरती है, ऐसे में आसपास के क्षेत्रों में बारिश के दौरान सीवर एवं नालों का पानी विकास कार्यों को प्रभावित करता है। नगर निगम समय से पहले नालों की सिल्ट सफाई कार्य, जिससे अंतिम समय में समस्या न उत्पन्न हो। महामंत्री श्याम जरारी ने नाला काजीपाड़ा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पार्क तथा अन्य मरम्मत, सौंदर्यीकरण कार्य, साथ ही 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के अवसर पर नाला काजीपाड़ा, चक्की पाट सहित मेला स्थलों पर सफाई, सड़क मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित कराने पर बल दिया।
क्षेत्रीय समिति अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि इस वर्ष ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी जीआईसी मैदान में आयोजित की जा रही है। क्षेत्र के शिब्द साहनी नगर, सागर वाली गली, पृथ्वीनाथ, तमोली पाड़ा, प्रकाश नगर, रामनगर, चन्दन नगर, नगला गंगाराम, प्रेम नगर सहित 12 मोहल्लों को चिन्हित कर लिया गया है, जहां नगर निगम द्वारा शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर विकास कार्य शुरू कराए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने गलियों एवं नालियों के निर्माण कार्य समय रहते पूर्ण करने की मांग रखी। महामंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि दोहराव से बचते हुए गुणवत्तापूर्ण विकास हो सके। साथ ही क्षेत्र के सामुदायिक आंबेडकर भवनों पर रंगाई-पुताई एवं सौंदर्यीकरण कराने का प्रस्ताव रखा।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने इस बारे में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।
_________________________________________
एमएसडब्ल्यू छात्रों ने किया परामर्श कार्यक्रम
आगरा, 25 मार्च। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, के तत्वावधान में एम.एस.डब्ल्यू. के विद्यार्थियों द्वारा ग्राम कुआं खेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय गढ़ी नवेलिया में जागरूकता एवं अभिभावक परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ मिलकर “नवारंभ उत्सव” मनाया तथा अभिभावकों के लिए काउंसलिंग सत्र आयोजित किए। कार्यक्रम में विशेष रूप से गांव की महिलाओं को जागरूक करते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्राम प्रधान जयपाल सिंह ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन विद्यालय की इंचार्ज रीना यादव के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में आदित्य, प्रियांशी, ख्याति, मुकुल, प्रवेन्द्र, कुनाल, आकाश, आर्येन्द्र एवं हरेंद्र उपस्थित रहे।
_________________________________________
आगरा के मलखंब खिलाड़ियों का करनाल में शानदार प्रदर्शन
आगरा, 25 मार्च। हरियाणा के करनाल में चल रहे फिट इंडिया कार्निवल में आगरा के मलखंब खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया। फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर अंकित मैनपुरीया ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। जिसमें आगरा के मलखंब खिलाड़ी सुजल राणा शिवम अमन विनय समस्त एम डी जैन इंटर कॉलेज एवं ललित सरस्वती इंटर कॉलेज आदि रहे। इनके प्रशिक्षक अभिषेक थे। शानदार प्रदर्शन पर एमडी जैन इंटर कॉलेज के प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन, अखिल बरौलिया प्रबंधक, डॉ जितेंद्र कुमार जैन महामंत्री, विमलेश कुमार जैन उपाध्यक्ष, रूपेश कुमार जैन प्रबंधक, डॉक्टर संजय गर्ग प्रधानाचार्य एवं खेल प्रशिक्षक डॉ रीनेश मित्तल ने बधाई दी।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments