जंगल में चरते समय अचानक 14 गोवंश ने दमतोड़ा

आगरा, 22 मार्च। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ग्राम दूरा में एक साथ 14 गोवंश की संदिग्ध हालात में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। 
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ग्राम दूरा निवासी महावीर बाबा पिछले 25-30 वर्षों से निजी गौशाला संचालित कर रहे हैं। रविवार की सुबह वह गोवंश को चराने के लिए सुनहरा रोड स्थित खाली खेतों और जंगल क्षेत्र में ले गए थे। दोपहर बाद अचानक कई गायों और बछड़ों की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद तत्काल पशु चिकित्सकों को सूचना दी गई। 
सूचना मिलते ही डॉ संजय तोमर और डॉ के.पी. सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक 6 बछड़े, 4 गर्भवती गायों समेत कुल 14 गोवंश दम तोड़ चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत गोवंश को जेसीबी के माध्यम से गड्ढा कराकर दफन कराया। पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत गोवंश के खून और बिसरा के नमूने लेकर जांच के लिए मथुरा के वेटेरनरी विवि की लैब भेज दिए। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
उपजिलाधिकारी दिव्या सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम कराया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments