भारतीय परिधानम शो में मुखर भारत की इंद्रधनुषी संस्कृति

आगरा, 24 फरवरी। महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति और मराठा विरासत की प्रतीक कष्टा यानि नौवारी (9-गज की) साड़ी, पैठणी साड़ियाँ, खन चोली और कोल्हापुरी चप्पलें और गणेश उत्सव की धूम। राजस्थान के गणगौर पूजा उत्सवों में जीवंत रंगों में गोटा-पत्ती हस्तकला, कढ़ाई, किरण और फूलों की कारीगरी से सुसज्जित पूरी सांस्कृतिक समृद्धि को सहेजे घाघरा, चोली (कांचली/कुर्ती) और लहराती ओढ़नी। पंजाब की पटियाला सलवार-कमीज और रंग-बिरंगे दुपट्टे, तिस पर फुलकारी कढ़ाई के साथ चमकीले रंगों (नारंगी और गुलाबी) में चमचमाते चेहरे लोहड़ी-बैसाखी की रंगत लिए। बंगाल की लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी (तांत, बालूचेरी, जमदानी) में दुर्गा पूजा उत्सव की मनमोहिनी झलक।
ये नज़ारे थे मंगलवार को ताज महोत्सव के मुक्ताकाशीय मंच पर जहां संस्कार भारती द्वारा प्रस्तुत परिधान शो में कई प्रदेशों की झलक दिखाई दी। एक तरफ फ़ैशन के रंग थे तो दूसरी तरफ नृत्य और संगीत। शो में संस्कार भारती से जुड़े कलाकारों की लोक संगीत पर लोक नृत्यों की मनोहारी प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। उदघाटन क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, मुख्य अतिथि कर्नल मनहर शर्मा, विशिष्ट अतिथि फैमिना मिश इंडिया प. बंगाल शिवांकिता दीक्षित ने द्वीप प्रज्जविलत करके किया। संस्कार भारती के ब्रज प्रांत महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने स्वागत भाषण दिया। 
आईआईएफटी की फैशन डिजाइनिंग की छात्राओं और पुरातन छात्रों द्वारा कृति सिंह के निर्देशन में तैयार राजस्थानी परिधान आकर्षण के केंद्र बनें। वी लिपिका फैशन स्टूडियो की डिजाइनर लिपिका चड्ढा की पंजाबी परिधान और संस्कृति क्रिएशंस की डिजाइनर नीतू सिंह की महाराष्ट्र और भूमिका तिवारी के बंगाल के परंपरागत परिधानों ने मन मोह लिया। अंशिका सक्सैना की कोरियोग्राफी में मॉडल्स भूमिका तिवारी, जिंसी लाल, गौरी, प्रिया, नव्या, दामिनी, कोमल, तराना, सोफिया ने रैंप पर अदाओं से मन मोह लिया। मेकअप मानवी मेहता के मार्गदर्शन में युक्ता आदि ने किया। 
टोनी फास्टर की कोरियोग्राफी में समूह नृत्य में कई प्रदेशों के उत्सवों की आकर्षक झलक दिखाई दी। इसके लिए उन्हीं प्रदेशों के परिधान और सौंदर्य प्रसाधनों का प्रयोग किया गया। इनमें महाराष्ट्र का लावणी, राजस्थानी लोक नृत्य, पंजाब का भांगड़ा और गिद्दा सहित ब्रज और बंगाल के लोकनृत्यों ने मन मोहा। समापन राधा कृष्ण के संग फूलों की होली संग हुआ। इस दौरान लोक गायिका सुनीता धाकड़ ने लोक संगीत के स्वर बिखेरे। कार्यक्रम में भुवनेश धाकड़ द्वारा भँवई नृत्य की छटा बिखेरी।
आईआईएफटी के निदेशक विनीत बवानिया, डिजाइनर कृति सिंह, लिपिका चड्ढा, नीतू सिंह, भूमिका तिवारी का स्वागत संस्कार भारती ब्रज प्रांत महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग, समन्वयक डॉ. महेश धाकड़, संयोजक नीता गर्ग, बबीता पाठक, सह संयोजिका अनीता भार्गव, मीना अग्रवाल, सहयोगी अनीता जैन, अंजू श्रीवास्तव ने स्वागत किया। एंकरिंग माही वी. कुमार ने की। संस्कार भारती आगरा महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने धन्यवाद दिया।
____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments