ऑटो रिक्शा चालक ने लगाया दरोगा पर मारपीट और रिश्वत लेने का आरोप!
आगरा, 25 फरवरी। थाना जगदीशपुरा की बोदला पुलिस चौकी के एक सब इंस्पेक्टर पर ऑटो रिक्शा चालक ने मारपीट और अवैध रूप से हिरासत में रखकर रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। उसने इस मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की है। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
खबरों के मुताबिक, शाहगंज के हमीद नगर निवासी ऑटो चालक जांबाज का कहना है कि वह विगत सोमवार शाम छह बजे बोदला चौराहे पर ऑटो रिक्शा रोक कर सवारियां उतार रहा था। इसी दौरान दरोगा ने उसे थप्पड़ मारा और फिर गालियां देते हुए चौकी ले आए।
चौकी पर दरोगा के साथी सिपाही ने अभद्रता की और ऑटो रिक्शा सीज कर उसे शांतिभंग की धाराओं में जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद पत्नी ने आकर तीन हजार रुपये दिए तब उसे और ऑटो को छोड़ा गया।
इस बारे में एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने मीडिया को बताया कि बोदला चौराहे पर जाम से छुटकारा दिलाने के लिए पुलिस चौराहे से 60 मीटर दूरी तक ऑटो रिक्शे खड़े नहीं होने दे रही है। इस वजह से ऑटो रिक्शा चालक गलत शिकायतें कर रहे हैं। सीसीटीवी में ऑटो रिक्शा चालक को हिरासत में लेने की पुष्टि नहीं हो रही है। मामले की जांच जारी है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments