युवक ने जहर खाकर जान दी, ब्लैकमेलिंग या मानसिक तनाव? पुलिस जांच में जुटी
आगरा, 15 फरवरी। थाना एत्मादपुर क्षेत्र के नगला महासुख गांव में एक युवक की जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। मृतक के परिजनों ने ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, जबकि दूसरे पक्ष ने प्रेम संबंध और शादी के विवाद को घटना की वजह बताया है।
आरोप है कि जल जीवन मिशन में कर्मचारी और ग्राम नगला महासुख निवासी समोद कुमार को कथित रूप से लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा ब्लैकमेल किया जा रहा था। मृतक के बड़े भाई बृजमान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अंकित राजपूत, अंशु राजपूत, अंजली कुमारी, अनु पत्नी अंकित और रोहित राजपूत सहित अन्य लोग समोद को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि आरोपियों ने 25 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर बदनाम करने की धमकी दी।
परिजनों के अनुसार लगातार दबाव और मानसिक उत्पीड़न के चलते समोद कुमार बेहद तनाव में रहने लगे थे और उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों का दावा है कि समोद कुमार ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न का जिक्र किया गया है। यह सुसाइड नोट पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की सत्यता, हैंडराइटिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कराई जाएगी।
वहीं, दूसरे पक्ष ने पुलिस को बताया कि समोद उनकी बेटी से प्रेम करता था और शादी करना चाहता था। युवती उसने स्वयं को राजपूत जाति का बताया था। परिजनों के अनुसार जब उन्होंने समोद के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह दूसरी जाति से है। इस पर युवती ने शादी से इंकार कर दिया। आरोप है कि युवक इस बात से तनाव में था और वह शादी के लिए दबाव बना रहा था। दूसरे पक्ष का यह भी कहना है कि सुसाइड नोट में इस प्रेम संबंध और विवाद का उल्लेख है।
थाना एत्मादपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Post a Comment
0 Comments