प्रतापपुरा में मेट्रो निर्माण में लगी क्रेन दुकान और मकान पर गिरी, अफरातफरी

आगरा, 14 फरवरी। शहर में चल रहे मेट्रो के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को प्रतापपुरा क्षेत्र में हादसा हो गया। यहां खुदाई कर रही एक क्रेन अचानक असंतुलित होकर पास में स्थित शराब के ठेके और एक मकान पर जा गिरी। हादसे से शराब की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
खबरों के मुताबिक, यह हादसा प्रतापपुरा में स्थित देवीराम हलवाई की दुकान के पास हुआ। एमजी रोड पर करीब 25 फीट ऊंची क्रेन खुदाई का कार्य कर रही थी। अचानक ही क्रेन का पहिया जमीन में धंस गया। 
क्रेन करुणा नगर निवासी प्रभुकांत नागर के मकान पर गिर गई। उनके घर में आगे की ओर शराब का ठेका है और पीछे की ओर परिवार रहता है। क्रेन शराब के ठेके की छत पर गिरी, जिससे ये दुकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
घर के पीछे हिस्से में परिवार के लोग सो रहे थे। क्रेन गिरने के साथ ही तेज धमाका हुआ, जिससे परिवार के लोग जाग गए। बाहर का दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और मेट्रो के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल इस मार्ग को बंद कर दिया गया है।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments