चोर का दुस्साहस, दरोगा के घर से 40 लाख के गहने और नकदी चोरी
आगरा, 15 फरवरी। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-2 के डी-ब्लॉक में पुलिस के एक दरोगा के किराए के मकान में नकाबपोश चोर ने सुनियोजित तरीके से घर का ताला तोड़कर करीब 40 लाख रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
खबरों के अनुसार, बरहन के बुर्ज अतिवल निवासी राजेश त्यागी का ट्रांसयमुना फेस-2 में मकान है। मकान की दूसरी मंजिल पर पिछले छह महीनों से थाना छत्ता की डिवीजन चौकी के इंचार्ज दरोगा रॉबिन सिंह परिवार सहित किराए पर रह रहे थे। वह पहले एत्माद्दौला क्षेत्र में भी तैनात रह चुके हैं। दरोगा की शादी करीब दस महीने पहले हुई थी। एक माह पूर्व उनकी पत्नी काजल ने बेटे को जन्म दिया और फिलहाल मायके में हैं। घटना के समय दरोगा ड्यूटी पर थे।
मकान मालिक के बेटे सूरज के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दरोगा ड्यूटी पर गए थे और उनकी रात्रि शिफ्ट भी लग गई थी। घर पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जिसकी एक चाबी दरोगा और दूसरी सूरज के पास रहती है। सीसीटीवी फुटेज में रविवार तड़के करीब 2:50 बजे एक नकाबपोश बदमाश गली में आता दिखाई देता है। उसने सरिये से मुख्य गेट का ताला तोड़ा। घर में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। आरोप है कि उसने सूरज को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। सुबह जब सूरज की आंख खुली तो घर के ताले टूटे मिले। सुबह सात बजे उन्होंने दरोगा रॉबिन सिंह को सूचना दी।
चोर ने पहली मंजिल पर जाकर दरोगा के घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। चोर 100 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण, 2 किलो से ज्यादा चांदी के जेवरात, 20 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 40 लाख रुपये का बताया जा रहा है।
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है।
Post a Comment
0 Comments