विवाहेत्तर संबंधों में पत्नी और प्रेमी ने कर दी पति की हत्या और दे दिया आत्महत्या का रूप
आगरा, 14 फरवरी। पति की हत्या करने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने वेलेंटाइन डे से एक दिन पहले जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, महज चार माह के विवाहेत्तर संबंधों में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी और आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को कमरे के फंदे पर लटका दिया था।
यह सनसनीखेज वारदात थाना एकता के अंतर्गत गांव लोधई (एकता) में घटी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पत्नी गौरी और उसके प्रेमी सुंदर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। अदालत में आरोपी पत्नी के बयान भी दर्ज कराए गए।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के सैपऊ निवासी गौरी की शादी करीब चार साल पहले गांव लोधई निवासी लवकुश तोमर से हुई थी। दंपति का तीन साल का एक बच्चा भी है। लवकुश निजी कंपनी में काम करता था। दस फरवरी की सुबह लवकुश का शव घर के अंदर पंखे से लटका हुआ मिला था। उस समय पत्नी गौरी ने घटना को आत्महत्या बताकर रोना-धोना शुरू कर दिया था। परिजनों ने भी बिना किसी संदेह के उसी दिन शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
हालांकि 11 फरवरी को शांति हवन के दौरान कुछ रिश्तेदारों को गौरी के व्यवहार पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर वारदात का खुलासा हो गया। गौरी ने बताया कि उसके चचेरे देवर सुंदर के साथ पिछले चार महीनों से प्रेम संबंध थे और पति को इस रिश्ते पर शक था, जिससे दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
घटना वाली रात करीब एक बजे गौरी ने फोन करके सुंदर को घर बुलाया। पहले से तय योजना के मुताबिक, सुंदर ने सोते समय तकिए से लवकुश का मुंह दबा दिया, जबकि गौरी ने पति के पैर पकड़ लिए ताकि वह विरोध न कर सके। हत्या के बाद दोनों ने मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया। वारदात के बाद सुंदर अपने घर चला गया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि पूछताछ में आरोपी पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments