Agra News: खबरें आगरा की....
प्रताप चन्द जैसवाल स्मृति सेवा सम्मान समारोह 08 फरवरी को
आगरा, 06 फरवरी। साहित्यकार, समाजसेवी, पत्रकार स्वर्गीय प्रताप चन्द जैसवाल की 27वीं पुण्य तिथि पर 'स्मृति एवं सेवा सम्मान' कार्यक्रम का आयोजन 08 फरवरी रविवार को दोपहर 3.30 बजे यूथ हॉस्टल, संजय प्लेस पर किया जाएगा।
प्रताप चंद जैसवाल स्मृति समिति के आयोजन सचिव हरीश सक्सेना "चिमटी" ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मौके पर कला, खेल, व्यवसाय, तकनीक सहित सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान हेतु कॉमेडी स्टार ऑफ द ईयर 2025 की विजेता शिल्पा माहेश्वरी, जादू कला से अचम्भित कर दांतो तले उंगली चबाने को मजबूर करने वाले अखिलेश जादूगर को प्रताप चन्द जैसवाल स्मृति सेवा सम्मान से विभूषित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन होंगे।
________________________________________
कीटनाशक प्रबंधन विधेयक पर व्यापारियों ने जताई चिंता
आगरा, 06 फरवरी। जीवनी मंडी स्थित नेशनल चैम्बर कार्यालय में शुक्रवार को हुई कीटनाशक के थोक विक्रेताओं की बैठक में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित कीटनाशक प्रबंधन विधेयक को लेकर चिंता व्यक्त की गयी।
बैठक में कहा गया कि यदि कीटनाशक नये कानूनों को लागू किया गया तो व्यापार करना बहुत ही मुश्किल हो जायेगा। यदि विधेयक में कुछ आवश्यक व्यावहारिक सुधार नहीं किए गए, तो इसका सीधा दुष्प्रभाव छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर पड़ेगा। सीलबंद कीटनाशक उत्पादों की गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी निर्माता कंपनियों की होनी चाहिए, न कि केवल वितरण करने वाले डीलरों की। नकली एवं घटिया कीटनाशकों की रोकथाम के लिए वेयरहाउस स्तर पर ही सैंपलिंग अनिवार्य की जाए, जिससे खराब उत्पाद बाजार में आने से पहले ही रोके जा सकें और किसानों को नुकसान न हो।
बैठक में चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, कीटनाशक एसोसियेशन के अध्यक्ष सुधीर चोला, कोशाध्यक्ष विजय कुमार, महामंत्री किशन सिंह, सन्नी अग्रवाल, सचिव रवि शर्मा, सौरभ गुप्ता, आयुश, नरेन्द्र नागवानी, विपुल, कुलदीप गुप्ता ने विचार व्यक्त किए।
________________________________________
आगरा, 06 फरवरी। दयालबाग एजुकेशन इंस्टीट्यूट के होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल द्वारा “गर्भ संस्कार” विषय पर संयुक्त शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान मातृ मानसिकता, संतुलित जीवनशैली तथा सकारात्मक संस्कारों के माध्यम से भावी पीढ़ी के समग्र—शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं नैतिक—विकास के महत्व को रेखांकित करना था।
मुख्य वक्ता डॉ. बी. एस. जोहरी ने गर्भ संस्कार के वैज्ञानिक, मनोवैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक आयामों पर प्रकाश डाला। निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन, डॉ. एस. के. सत्संगी, डॉ. गुरदेवी श्रीवास्तव, डॉ. प्रीति रस्तोगी,डॉ. दीप्ति शर्मा, डॉ. अंकिता ओखरवाल, डॉ. धनवर्षा झाडे ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
________________________________________
वन बंधु परिषद ने की जैसलमेर वन यात्रा
आगरा, 06 फरवरी। वन बंधु परिषद, आगरा चैप्टर के 50 सदस्यों ने जैसलमेर की चार दिवसीय वन यात्रा के दौरान इतिहास और संस्कृति की जानकारी ली। वन यात्री सर्वप्रथम जयपुर चैप्टर द्वारा संचालित खाया तनोट ग्राम स्थित एकल विद्यालय पहुँचे। विद्यालय पहुँचने पर बालिकाओं द्वारा पारंपरिक राजस्थानी शैली में रोली-चावल एवं गुड़ से यात्रियों का स्वागत किया। बच्चों ने देशभक्ति गीत एवं नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। इस दौरान सदस्यों ने विद्यालय के आचार्यों का सम्मान किया। बच्चों को उत्साहवर्धन हेतु मोज़े, ऊनी टोपियाँ, पेंसिल, स्केच पेन आदि भेंट किए। वन यात्रा के दौरान सदस्यों ने कुलधरा, जैसलमेर वॉर म्यूज़ियम, जैन मंदिर एवं चुंधी गणेश जी, माता तनोट राय मंदिर के दर्शन किए। वर्ष 1971 के लोंगेवाला युद्ध पर आधारित लाइट एंड साउंड शो अत्यंत प्रेरणादायक रहा। बंकर में प्रदर्शित लघु फ़िल्म ने भारतीय सेना के शौर्य एवं बलिदान की गाथा को जीवंत कर दिया। सदस्यों ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर पहुँच कर वीर शहीदों को नमन किया। पालीवाल ब्राह्मणों के इतिहास एवं गाँव के रहस्यमय प्रसंगों के बारे मे विस्तार से जानने का अवसर मिला।
मीडिया समन्वयक डॉ अमित अग्रवाल ने बताया कि यात्रा में अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंघल, पूर्व अध्यक्ष राम रतन मित्तल, उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल, गोविन्द प्रसाद अग्रवाल, सलिल गोयल, वनयात्रा प्रभारी मुकेश मित्तल, महिला समिति से अध्यक्षा सुमन जैन, पूर्व अध्यक्षा लता जैन, सचिव अनू अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शालिनी गर्ग, मंजू मित्तल, वनयात्रा प्रभारी पुष्पलता शर्मा आदि सदस्यों के साथ चैप्टर प्रकल्प प्रमुख रामेन्द्र सिंह आदि सम्मिलित रहे।
________________________________________
आगरा ताज बाउंडर्स, गायत्री सुपर किंग्स और कोर्ट योद्धा ने जीते बास्केटबॉल मुकाबले
आगरा, 06 फरवरी। आगरा ताज बाउंडर्स, गायत्री सुपर किंग्स और कोर्ट योद्धा टीमों ने शुक्रवार से शुरू हुई तीसरी आगरा बास्केटबॉल प्रीमियर लीग के पहले दिन के मुकाबले जीत लिए।
होली पब्लिक स्कूल और आगरा बास्केटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में खेली जा रही इस प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में आगरा ताज बाउंडर्स ने अतुल स्पार्टन को 72-59 से दूसरे मुकाबले में गायत्री सुपर किंग्स ने होली कोर्ट किंग्स को 65-45 से और तीसरे मुकाबले में कोर्ट योद्धा ने अतुल स्पार्टन को 46-30 से हराया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक रहे कुलविंदर सिंह गिल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षिका रितु शर्मा भी उपस्थित रही। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। संजय तोमर, शमी तोमर, राधा तोमर, शिविका तोमर आगरा बास्केटबॉल संघ के सचिव हरि सिंह यादव, संयुक्त सचिव डॉ रीनेश मित्तल के अलावा कन्हैया गोयल, देविका वाहिया, प्रद्युम्न चतुर्वेदी, निकुंज मित्तल, दानिश बजाज, फादर रंजीत टोप्पो, राजू डेनियल, मुकेश अश्वनी उपस्थित थे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments