यमुना एक्सप्रेस-वे पर मथुरा जिले में फिर भीषण हादसा, छह लोगों की मौत, नौ अन्य घायल || लघुशंका के लिए बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा
आगरा/मथुरा, 07 फरवरी। पड़ोसी जनपद मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर भीषण हादसा हो गया। तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुए इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई। नौ अन्य लोग घायल बताए गए हैं।
खबरों के अनुसार, नोएडा से आगरा की ओर जा रही बस में सवार यात्रियों को लघुशंका लगी तो उन्होंने सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास चालक से बस रोकने को कहा, चालक ने ग्रीन जोन में न रोककर रास्ते में ही बस रोक दी। यात्री लघुशंका के लिए बस से नीचे उतरे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। बस दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सुरीर पुलिस एवं यमुना एक्सप्रेस-वे सुरक्षाकर्मियों ने मृतकों को एंबुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष व दो अन्य लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई। हादसे में घायल लोगों में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे भी शामिल हैं। कंटेनर का चालक मौके से फरार हो गया।
गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर मथुरा जिले के अंतर्गत ही पिछले दिसम्बर माह में हुए भीषण हादसे में 13 लोगों की जलकर मौत हो गई थी। तब घने कोहरे के कारण आगरा से नोएडा की तरफ माइलस्टोन 127 के पास आठ बसें और तीन कारें आपस में टकरा गई थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों में तुरंत आग लग गई थी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments