Agra News: खबरें आगरा की.....
एसीपी ने ली बैठक, क्षेत्रीय लोगों ने बताईं समस्याएं
आगरा, 25 फरवरी। रमजान ईद और होली के त्योहारों की दृष्टिगत रखते हुए कोतवाली सर्कल के एसीपी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में थाना मंटोला, थाना कोतवाली, थाना नाई की मंडी और थाना एम एम गेट के क्षेत्र के प्रमुख लोगों ने भाग लिया और अपने अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया।
हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ सिराज कुरैशी ने कहा कि पूर्व में हिंदू मुस्लिम त्योहारों से पहले जिलाधिकारी कलेक्ट में पूरे आगरा के प्रमुख लोगों की बैठक बुलाकर उनके क्षेत्रों की समस्याओं को सुनते और उनका निवारण भी कराते थे लेकिन अब ऐसी बैठक समाप्त कर दी गई यही वजह है कि समस्याओं का निवारण नहीं होता है। ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के जिलाध्यक्ष अदनान कुरैशी ने कहा हिंदू मुस्लिम के इन त्योहारों पर वर्तमान गंदगी और पेयजल की समस्या व्याप्त है। मोहम्मद शरीफ कुरैशी ने अफवाहों पर रोक लगाने की मांग उठाई। कोतवाली क्षेत्र के सैयद इरफान सलीम, शमी आगाई, नाई की मंडी के जहीरूद्दीन बाबर, मंटोला के नंदलाल भारती, नगीना चौधरी, बूदन मियां, ग्यास कुरैशी मुन्ना, जिलानी कुरैशी आदि ने भी समस्याओं से अवगत कराया।
एसीपी वीरेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि सभी समस्याओं के हल कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
__________________________________________
अनुज सिंह का विज्जी ट्रॉफी हेतु नॉर्थ ज़ोन में चयन
आगरा, 25 फरवरी। आगरा कॉलेज से जुड़े क्रिकेट खिलाड़ी अनुज सिंह का चयन प्रतिष्ठित विज्जी ट्रॉफी में नॉर्थ ज़ोन टीम के लिए हुआ है। अनुज सिंह अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनूप सिंह के भाई हैं।
अनुज ने अपने अनुशासन, समर्पण और शानदार प्रदर्शन से यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। प्राचार्य प्रोफेसर सी के गौतम, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ ने अनुज सिंह को शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
__________________________________________
पंचवटी में सखियों ने खेली फूलों की होली
आगरा, 25 फरवरी। पंचवटी कॉलोनी, ताज नगरी फेज़-2 स्थित महिला मंडल पंचवटी सखियों द्वारा राधा कृष्ण मंदिर परिसर में फूलों की होली खेली गई।
ढोलक की थाप पर सखियों ने पारंपरिक नृत्य, होली गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया। राधा, कृष्ण स्वरूप बनी मंजू शर्मा, निशा गुप्ता संग सभी सखियों ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेली और प्रेम, उल्लास व एकता का संदेश दिया।
सुमन चाहर, चांदनी भोजवानी, कंचन चौधरी, सुमन भारद्वाज, सुमन यादव, प्रियंका, लक्ष्मी, मंजूदत्ता, स्वाति मेहंदीरत्ता, गीता आहूजा, कविता, बीना, श्वेता, जूली, शिखा, सारिका, सुमन, बबीता, नंदनी मालती, रोजी, आशा, सुमन अग्रवाल, सरिता सिंघवी, मंजू अग्रवाल मौजूद रहीं।
__________________________________________
बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग को लूटा
आगरा, 25 फरवरी। थाना अछनेरा के अंतर्गत कस्बे में दिनदहाड़े भैंस खरीदने आए 70 वर्षीय बुजुर्ग से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने नौ हजार रुपये लूट लिए। छीना-झपटी के दौरान बुजुर्ग बाइक सहित सड़क पर गिर गए, जिससे वह घायल हो गए।
खबरों के अनुसार संतराम पुत्र रामदयाल निवासी फूलवारा, चिकसाना राज, भैंस खरीदने के लिए 95 हजार रुपये लेकर अछनेरा आए थे। हालांकि भैंस का सौदा नहीं हो सका, जिसके बाद वह सरकारी बस स्टैंड पर लौट आए। इसी दौरान दो अज्ञात युवक बाइक से उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगे। आगे तक छोड़ने की बात कहकर उन्होंने बुजुर्ग को बाइक पर बीच में बैठा लिया। सब्जी मंडी के पास पहुंचते ही बदमाशों ने बुजुर्ग की जेब में हाथ डालकर रुपये निकालने का प्रयास किया। छीना-झपटी में कुछ रुपये सड़क पर गिर गए। संतराम ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक को पकड़ लिया,बाइक बदमाशों सहित सड़क पर गिर गिर गए,लेकिन बदमाश और बुजुर्ग जैसे ही बाइक सहित नीचे गिर पड़े।।लोगों को लगा सड़क दुर्घटना हुई है। बुजुर्ग द्वारा "चोर चोर पकड़ो" शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। सड़क पर बिखरे रुपये राहगीरों ने समेटकर बुजुर्ग को सौंप दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। नगदी में से करीब नौ हजार रुपये बदमाश लूटकर ले गए।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments