Agra news: खबरें आगरा की....

झलक क्लब की महिलाओं ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि 
आगरा, 17 फरवरी। माथुर वैश्य इंटरनेशनल महिला झलक क्लब की महिलाओं ने शरण नगर दयालबाग रोड पर विगत दिवस पुलवामा में शहीद हुए शहीदों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शोभा गुप्ता अध्यक्ष, शारदा गुप्ता पी आर ओ, अन्नपूर्णा गुप्ता जॉन चेयरपर्सन, रश्मि गुप्ता सचिन, वर्षा गुप्ता कोषाध्यक्ष, गरिमा गुप्ता, स्वाति गुप्ता, नेहा गुप्ता, कंचन गुप्ता उपस्थित रहीं।
_________________________________________
वीडियो गीत “मैं ही शिव हूँ (शिवोहम)” का निर्माण
आगरा, 17 फरवरी। लाडो प्रोडक्शन ने एक बार फिर नई वीडियो के माध्यम से शिव भक्ति गीत “मैं ही शिव हूँ (शिवोहम)” का निर्माण किया गया।
लेखक निर्देशक सूरज तिवारी ने बताया कि अगर इस तरह से ही गीत , फ़िल्म , सीरीज आदि की शूटिंग्स होती रही और आगरा और आस पास के लोग कहानियाँ बनाये रहे तो वो दिन दूर नहीं जब ये इंडस्ट्री आगरा में भी एक बड़ा रूप ले लेगी और लोगों को काम मिलेगा रोज़गार मिलेगा , सरकार को भी इस इंडस्ट्री के लिए आगे आना चाहिए । 
इस गीत के निर्माता पंकज शर्मा ने बताया कि इस गीत के माध्यम से वे यह संदेश देना चाहते हैं कि हमारे अंदर भी भगवान विराजमान हैं। “मैं ही शिव हूँ” के जरिए आत्म-जागरण और शिव तत्व की अनुभूति को दर्शाया गया है। गीत को निखिल दत्त द्वारा लिखा गया है। वीडियो में पंकज शर्मा ने मुख्य अभिनेता की भूमिका निभाई है। भगवान शिव की भूमिका संदीप सांवरिया ने और मां पार्वती की भूमिका प्रियंका सिंह ने निभाई है।
सभी कलाकारों ने अपनी-अपनी भूमिकाएं अत्यंत प्रभावशाली ढंग से निभाईं, जिससे यह प्रस्तुति और भी भव्य एवं भावपूर्ण बन गई। छायांकन निर्देशक (डी.ओ.पी.): सुनील राज,सहायक छायांकन निर्देशक (D.O.P. ): बृजेश पंडित जी, और विजय ,संपादक: सत्यम गुप्ता, निर्देशक: अवधेश ठाकुर, कलाकार: पंकज शर्मा, प्रियंका सिंह, संदीप सांवरिया, प्रोडक्शन टीम: अमित शर्मा, दीपक डॉसन, मेकअप आर्टिस्ट: कामिनी श्रीवास्तव, गायक एवं संगीतकार: कृष्णा स्टूडियो गीत के लिए विशेष रूप से प्रोडूसर सावन चौहान, सूरज तिवारी, अमित तिवारी ने आभार व्यक्त किया।
_________________________________________
यूजीसी रेगुलेशन एक्ट 2026 का विरोध, ज्ञापन
आगरा, 17 फरवरी। एत्मादपुर पहुंचे क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने यूजीसी रेगुलेशन एक्ट 2026 के विरोध में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सामान्य वर्ग (सवर्ण समाज) के हितों की रक्षा का दावा करते हुए कहा कि यह कानून संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 का उल्लंघन करता है।
डॉ. शेखावत ने मंच से भाजपा को वोट न देने की शपथ भी दिलाई और 8 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल आंदोलन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सवर्ण समाज समन्वय समिति के बैनर तले आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। शेखावत ने घोषणा की कि 8 मार्च को रामलीला मैदान, दिल्ली में सवर्ण समाज यूजीसी रेगुलेशन एक्ट 2026 के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगा। 
कार्यक्रम के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एक्ट को तत्काल वापस लेने, उसमें संशोधन करने और सामान्य वर्ग के छात्रों के अधिकारों की रक्षा की मांग की गई।
_________________________________________
चलती ट्रेन से गिरकर छात्र की मौत
आगरा, 17 फरवरी। बरहन थाना क्षेत्र में दिल्ली–हावड़ा रेल लाइन पर एक दर्दनाक हादसे में उन्नाव के छात्र की जान चली गई। घटना गांव बिरूनी के पास उस समय हुई, जब दिल्ली से परीक्षा देकर लौट रहा छात्र चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। मृतक की पहचान शिवम पासी (पुत्र मोहनलाल) निवासी वाजपेई खेड़ा, थाना बिहार, जनपद उन्नाव के रूप में हुई।
खबरों के अनुसार शिवम अपने दोस्त शुभम के साथ दिल्ली में परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों उन्नाव स्थित अपने घर लौट रहे थे। वे गोमती एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन बिरूनी गांव के पास पहुंची, अचानक शिवम संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिवम के गिरते ही उसके मित्र शुभम ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंवलखेड़ा भिजवाया। हालांकि चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
_________________________________________
यमुना महा आरती के लिए महापौर ने किया निरीक्षण
आगरा, 17 फरवरी। ताज महोत्सव के दौरान बेलनगंज स्थित यमुना आरती स्थल पर नगर निगम महा आरती का आयोजन कराएगा। मंगलवार को इसके लिए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल व अन्य नगर निगम के अधिकारियों के साथ महाआरती की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। 
बीते कुछ वर्षों से ताज महोत्सव के दौरान नगर निगम आगरा द्वारा हरिद्वार, काशी की तर्ज पर महाआरती का आयोजन किया जाता है। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने इसकी शुरूआत की थी। तब से प्रत्येक वर्ष नगर निगम महा आरती का भव्य आयोजन ताज महोत्सव के दौरान कराता है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि ताज महोत्सव के दौरान 10 दिन तक नगर निगम की ओर से एत्माद्दौला व्यू पॉइंट पर हर शाम महा आरती होगी। यमुना महा आरती के जरिए विदेशी सैलानी भी ब्रज की संस्कृति से रूबरू होते हैं। वह देख पाते हैं कि हम तेजी से बदल रही वैश्विक संस्कृति के साथ अपने प्राचीन मूल्यों को संजोए हुए हैं। 
निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित अन्य निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
_________________________________________
ईपीसीएच के नये एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर का सम्मान
आगरा, 17 फरवरी। एक्सपोर्ट प्रमोशन काउन्सिल फॉर हैण्डिकाफट्स द्वारा 14 से 18 फरवरी तक आयोजित किये गये "इन्डियन हैण्डिकाफटस एण्ड गिफट्स फेयर स्प्रिंग 2026" (दिल्ली मेला का 61 वां संस्करण) के तीसरे दिन हैण्डिकाफट्स एक्सपोर्टस एसोसिऐशन आगरा के सदस्यों द्वारा ईपीसीएच के नये एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश रावत का सम्मान फेयर ग्राउन्ड पर किया गया।
इस अवसर पर हैण्डिकाफट्स ऐक्सपोर्टस एसोसिऐशन आगरा के अध्यक्ष रजत अस्थाना ने राजेश रावत को पुष्प गुच्छ प्रदान किया। विपनेश त्यागी ने संगमरमर की मूर्ती भेंट कीम कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल द्वारा उनको शॉल भेंट की गयी। कार्यक्रम में अजय जैन, ज्ञानेश, नवल, रवी वर्मा मौजूद रहे।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments