आगरा की राष्ट्रीय महिला शूटर को देहरादून ले जाकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग
आगरा, 17 फरवरी। राष्ट्रीय स्तर की महिला शूटर को देहरादून ले जाकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाकर उसे ब्लैकमेल किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कराया है।
खबरों के मुताबिक, पीड़िता राष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी है। सेना में नौकरी पाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात संदीप कुमार उर्फ विराज से हुई। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला बताते हुए सेना में भर्ती कराने का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेकर वह उसे देहरादून ले गया। आरोप है कि देहरादून में आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाया, जिससे वह अचेत हो गई। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बना लिए।
होश में आने के बाद जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोपी लंबे समय तक पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा और वीडियो-फोटो डिलीट करने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। मानसिक दबाव और सामाजिक बदनामी के डर से पीड़िता काफी समय तक चुप रही, लेकिन आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी संदीप कुमार उर्फ विराज को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। लोहामंडी एसीपी ने मीडिया को बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है। जरूरत पड़ने पर आईटी एक्ट समेत अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments