बड़ा खुलासा: 200 लोगों के नाम पर फर्जी लोन लेकर करोड़ों रुपये की ठगी

आगरा, 18 फरवरी। साइबर क्राइम पुलिस ने 200 से अधिक लोगों के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन लेकर करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा खुलासा किया है।
करीब दो से 2.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में नारायण चौरसिया उर्फ नितिन चौरसिया को गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
एडीशनल डीसीपी आदित्य कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी 2021 से इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था। गिरोह सुनियोजित तरीके से हर महीने 2 से 3 लोगों को निशाना बनाता था। अब तक जांच में तीन लोगों की भूमिका सामने आई है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। 
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आधार कार्ड में नाम और पता बदलकर फर्जी पहचान तैयार करते थे। एक ही आधार नंबर पर अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर बैंक और फाइनेंस कंपनियों से लोन लिया जाता था। प्राइवेट और सरकारी दोनों बैंकों को निशाना बनाया गया। गिरोह ने होम एप्लायंसेज, बाइक, स्कूटी, एसी और महंगे मोबाइल फोन पर फाइनेंस कराया। लोन स्वीकृत होते ही सामान को बाजार में कम कीमत पर बेच दिया जाता था और रकम हड़प ली जाती थी।
बड़ा सवाल यह है कि केवाईसी प्रक्रिया को कैसे दरकिनार किया गया। पुलिस अब इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि आखिर बैंक और फाइनेंस कंपनियों की सत्यापन प्रक्रिया में कहां चूक हुई। थाना साइबर क्राइम, कमिश्नरेट आगरा की टीम डिजिटल साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रेल की पड़ताल कर रही है। अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments