सोने-चांदी के लेनदेन में आमने-सामने आये किनारी बाजार के दो सर्राफा कारोबारी
आगरा, 17 जुलाई। किनारी बाजार एक सर्राफा कारोबारी की शिकायत पर कोतवाली थाने में सर्राफ पिता और उनके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर 174.500 ग्राम सोना, 5.154 किलोग्राम चांदी और करीब 1.45 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बीच हुए लेन-देन के दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
खबरों के अनुसार, पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि लंबे समय से आरोपियों के साथ सोने-चांदी का व्यापारिक लेन-देन चल रहा था। कारोबार के दौरान आरोपियों पर 174.500 ग्राम सोना, 5.154 किलोग्राम चांदी और करीब 1.45 लाख रुपये बकाया हो गए। कई बार हिसाब चुकता करने के लिए कहने के बावजूद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। आरोपियों ने परिवार के अंदरूनी विवाद का हवाला देते हुए जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि पिता ने अपने एक बेटे को संपत्ति से बेदखल किए जाने की बात कहकर पूरे मामले से पल्ला झाड़ने की कोशिश की। पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को कई अहम साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। इनमें हिसाब-किताब से जुड़े पर्चे, व्हाट्सएप चैट, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेज शामिल हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों से पूछताछ और उपलब्ध दस्तावेजों तथा लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
_______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments