पर्यटन, संस्कृति और व्यंजनों के भव्य उत्सव यानि ताज महोत्सव-2026 नए स्थल पर शुरू

आगरा, 18 फरवरी। शहर की पहचान बन चुका आज से शुरू हो गया। पर्यटन, संस्कृति और व्यंजनों के भव्य उत्सव ताज महोत्सव-2026 का बुधवार को उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने किया।
उद्घाटन के समय हुई बारिश ने शुरुआती रौनक पर असर डाला और कई पर्यटक बारिश से बचते नजर आए, लेकिन उत्सव का उत्साह कम नहीं हुआ। उद्घाटन अवसर पर राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान, मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप और जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी भी उपस्थित थे।
इस बार महोत्सव पारंपरिक शिल्पग्राम की जगह फतेहाबाद रोड स्थित ‘आई लव आगरा’ सेल्फी प्वाइंट के पास करीब चार एकड़ में तैयार नए मैदान में आयोजित हो रहा है। मुख्य मंच, ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, फ्लावर शो और ओडीओपी प्रदर्शनी के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। आधुनिक लाइटिंग और आकर्षक सजावट से परिसर को फेस्टिव लुक दिया गया है।
18 से 27 फरवरी तक चलने वाले इस 10 दिवसीय आयोजन में लगभग 500 स्टॉल लगाए गए हैं। यूपी हैंडीक्राफ्ट, ओडीओपी उत्पाद, कार्पेट और पॉटरी, आगरा मंडल के विशेष उत्पाद, विविध व्यंजन स्टॉल, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित और बेचने का बड़ा मंच मिला है।
महोत्सव की शामें संगीत और मनोरंजन से लोगों को आनंदित करेंगी। 20 फरवरी को सूफी संध्या में अली ब्रदर्स, 21 फरवरी को इंडियन ओशियन बैंड की प्रस्तुति, 22 फरवरी को नीरज श्रीधर की बॉलीवुड नाइट, 23 फरवरी को परमिश वर्मा की पंजाबी नाइट, 24 फरवरी को माधवास बैंड की भक्ति संध्या, 25 फरवरी: मधुबंती बागची की प्रस्तुति, 26 फरवरी को कृष्णा अभिषेक की कॉमेडी नाइट, 27 फरवरी को सचिन-जिगर की समापन प्रस्तुति होगी। 
इसके अलावा 19 फरवरी- कवि सम्मेलन और मुशायरा, 21 फरवरी: फतेहपुर सीकरी में निजामी बंधु (युवा) की कव्वाली नाइट, 23 फरवरी: बटेश्वर में मिश्रा बंधु की भजन संध्या होगी। इस तरह महोत्सव का दायरा शहर से बाहर ऐतिहासिक स्थलों तक विस्तारित किया गया है।
प्रशासन का दावा है कि इस बार सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। आधुनिक लाइटिंग, सुव्यवस्थित सेक्शन और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments