मेट्रो की लापरवाही, ब्रिज से स्लीपर गिरा और कार में धंसा, चालक चुटैल
आगरा, 19 जनवरी। बाईपास सर्विस रोड पर आईएसबीटी के पास मेट्रो के निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां मेट्रो के लिए बनाए जा रहे ब्रिज से लकड़ी का भारी स्लीपर सोमवार को नीचे कार पर गिर गया। स्लीपर कार के शीशा तोड़ते हुए चालक के सिर के बराबर में गिरा। हादसे में कार चालक को चोट आई। गनीमत रही कि स्लीपर की चालक के सिर से कुछ इंच की दूरी रह गई, अगर स्लीपर छह इंच अंदर होता तो सीधे सिर से लगता और चालक को गंभीर चोट लग सकती थी।
गौरतलब है कि मेट्रो ट्रेन के सिकंदरा कॉरिडोर के लिए हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा है। खबरों के मुताबिक, आईएसबीटी के पास सर्विस रोड से एक "किया" कार में युवक गुजर रहा था। अचानक उसकी कार के ऊपर एक भारी लकड़ी का स्लीपर गिरा।
स्लीपर इतना बड़ा था कि कार के सामने के शीशे को तोड़ते हुए अंदर जा धंसा। कार चालक अचानक पत्थर जैसा कुछ गिरने से सहम गया। स्लीपर उनके हाथ पर लगा। चालक ने कार रोकी। कुछ देर के लिए उसे कुछ समझ नहीं आया कि हुआ क्या है। चालक को कार से निकलने वाले लोगों ने बताया कि स्लीपर नुकीला था। चालक को गंभीर चोट लग सकती थी। उसके हाथ में चोट आई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मेट्रो रेल प्रशासन द्वारा इस लापरवाही की जांच कराई जा रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments