Agra news: खबरें आगरा की...
हिन्दू समाज से संगठित और जागरूक रहने का आह्वान
आगरा, 18 जनवरी। वीरी सिंह इंटर कॉलेज, दयालबाग में रविवार को आयोजित हिन्दू सम्मेलन में समाज से संगठित एवं जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि साध्वी हेमलता शास्त्री ने हिन्दू समाज से अपने धर्म की पताका को विश्वभर में फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अध्यक्ष उपेंद्र सिंह लवली ने समाज में व्याप्त विषमताओं से ऊपर उठने की अपील की। मुख्य संरक्षक अरविंद महाराज ने अपने आशीर्वचन से सभी उपस्थितजनों को अभिभूत किया।
सभी अतिथियों ने गौ-पूजन कर राष्ट्र की मंगलकामना की। पंडित सुनील शास्त्री (महाकालेश्वर मंदिर) ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगलाचरण किया। इस दौरान रोहित, मोहित सक्सेना, मधुसूदन टण्डन ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन सुनील शर्मा एवं अमित सूर्यवंशी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अनिल चौधरी, पार्षद भरत शर्मा, प्रेमदास चौधरी, अमित दिवाकर (पार्षद), योगेश दिवाकर, सुरेश गर्ग, सतीश अरोरा, अरविंद चौहान, अनिल सेंगर, सुरेंद्र ओझा, चंद्रवीर फौजदार, बृजेश तिवारी, अनुपम शर्मा, रणवीर सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
________________________________________
दयालबाग में हुआ यूथ फेस्टिवल का आयोजन
आगरा, 18 जनवरी। जिला सत्संग एसोसिएशन के तत्वावधान में सभी यूथ एसोसिएशनों के युवाओं ने यूथ फेस्टिवल का आयोजन रविवार को दयालबाग के प्रांगण में किया, जिसमें अदनबाग, एलोरा और आगरा सिटी ब्रांच के युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम कव्वाली, लघु नाटिका, नृत्य नाटिका, भक्ति गान, प्रार्थना गान आदि के माध्यम से मानव जाति की सेवा के महत्व को उजागर किया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राधास्वामी सत्संग एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश नारंग रहे। विशिष्ट अतिथि विकास सिन्हा, कर्नल (रिटा.) आर के सिंह, डॉ एस के सतसंगी, सुरेश कुमार, लखपति सिंह, कल्पनाथ रहे। आनंद प्रकाश, मुकुल सिन्हा, विनीता श्रीवास्तव, अनिल सतसंगी, श्रुति सिन्हा, अरुण सक्सेना, महाराज सरन, तान्या चौधरी, सत्या प्रकाश, प्रेम सरन, हुजूर सरन, दिलीप कुमार की भी उपस्थिति रही।
संयोजक व समन्वयक शरद सिन्हा ने बताया कि इसका उद्देश्य सभी युवाओं में मानव सेवा, नैतिकता, शिक्षा एवं सद्भाव का संचार करना है और वसुधैव कुटुंबकम कि भावना को प्रचारित -प्रसारित करना है। संचालन श्रेय सिन्हा ने किया। इसका सीधा प्रसारण उत्तर प्रदेश की सौ से अधिक शाखाओं में किया गया।
________________________________________
देव अग्रवाल और श्रेया रावत ने जीते खिताब
आगरा, 18 जनवरी। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को हुई पंजा (आर्म रैसलिंग) प्रतियोगिता में चैंपियन ऑफ चैंपियन का खिताब पुरुष वर्ग में देव अग्रवाल को और महिला वर्ग में श्रेया रावत को मिला।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण आगरा आर्म रैसलिंग संघ की मुख्य संरक्षक एवं इनर व्हील की महासचिव नीलू धाकरे एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सत्येंद्ररेश्वरी करण एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी वंदना दीक्षित द्वारा किया गया।
________________________________________
स्कूल शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग पर कार्यशाला
आगरा, 18 जनवरी। दयालबाग शैक्षणिक संस्थान के शिक्षा संकाय के अंतर्गत पंडित मदन मोहन मालवीय राष्ट्रीय शिक्षक एवं अध्यापन मिशन योजना के तहत "स्कूल शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग" विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शिक्षा संकाय की डॉ. नेहा जैन और डॉ. नीतू सिंह तथा इंजीनियरिंग संकाय की डॉ. ए. चरण कुमारी ने विशेषज्ञ के रूप में भाग लिया। श्री राम सेंटेनियल स्कूल, द इंटरनेशनल स्कूल, एक पहल पाठशाला और DEI बोर्ड के स्कूलों के शिक्षकों सहित निजी और सरकारी स्कूलों के 80 प्रतिभागियों को स्कूल शिक्षा के लिए सामग्री निर्माण, मूल्यांकन और प्रतिक्रिया में सहायक कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न अनुप्रयोगों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया। कार्यशाला का संचालन प्रो. सोना आहूजा और डॉ. आर. जयम ने किया।
________________________________________
नववर्ष मिलन में पर्यावरण पर संगोष्ठी
आगरा, 18 जनवरी। आईकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा रविवार को ग्रीन हाउस भोगीपुरा पर पर्यावरण संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में अध्यक्ष अमित लवानिया, चंद्रशेखर शर्मा एवं यतीश लवानिया, प्रमेंद्र शर्मा एवं रामेंद्र पचौरी ने पेड़ लगाने व जल संचय के महत्व को बताया। प्रमेंद्र शर्मा को संरक्षक, चंद्रशेखर शर्मा को पर्यावरण प्रमुख, संजय सिंह को सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रमुख, अनिल शुक्ला को कानूनी सलाहकार, चतुर्भुज तिवारी को मीडिया प्रभारी व संजीव कटारिया को सोशल मीडिया संयोजक का दायित्व दिया गया।
________________________________________
फ्लाईओवर के नीचे सोते युवक के ऊपर से निकल गया बस का पहिया, मौत
आगरा, 18 जनवरी। भगवान टाकीज चौराहे पर फ्लाईओवर के नीचे सो रहे एक युवक की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई।
यह दर्दनाक हादसा रविवार को दोपहर हुआ। क्बंटन के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की एक बस यहां से गुजर रही थी। चालक बस को फ्लाईओवर के नीचे से मोड़ रहा था कि तभी नीचे सो रहे एक युवक के ऊपर से बस का पहिया निकल गया। युवक का सिर कुचल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments