ट्रेलर से भिड़ंत के बाद पिकअप लोडर में फंस गया चालक
आगरा, 19 जनवरी। थाना किरावली के अंतर्गत जयपुर हाईवे पर महुअर कट के निकट ट्रेलर से हुई भिड़ंत में पिकअप लोडर का चालक दुर्घटनास्थल पर फंसा रह गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए भेजा।
खबरों के अनुसार, यह हादसा रविवार रात करीब पौने बारह बजे हुआ, जब महिंद्रा पिकअप लोडर पीछे से ट्रेलर में घुस गई। हादसे में लोडर चालक करीब आधे घंटे तक चालक पिकअप में ही फंसा रहा। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कोरई टोल प्लाजा से क्रेन मंगा कर काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को सीएचसी किरावली भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया।
बताया गया है कि धर्मेंद्र सिंह निवासी अलवर और उसका साथी सचिन निवासी अलवर के साथ महिंद्रा पिकअप में अमरूद भरकर सवाई माधोपुर से लखनऊ जा रहे थे। आगरा-जयपुर हाईवे पर महुअर कट पर ट्रेलर न्यू दक्षिणी बाईपास पर चढ़ने के लिए मुड़ रहा था, तभी पिकअप अनियंत्रित होकर ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
हादसे के बाद धर्मेंद्र और सचिन घायल हो गये। सचिन किसी तरह से गाड़ी से बाहर निकल आया। घायल चालक धर्मेंद्र के दोनों पैर पिकअप में बुरी तरह फंस गए। जिसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला जा सका।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments