अबोध बच्ची को सड़क किनारे छोड़ गई मां, राहगीरों ने कुत्तों से बचाया, पुलिस ने बुआ को सौंपा
आगरा, 13 दिसम्बर। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में शनिवार को गीतांजलि हॉस्पिटल के सामने सर्विस रोड पर करीब डेढ़ माह की बच्ची को कोई छोड़कर चला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि उक्त बच्ची पास में ही रहने वाले कपिल पुत्र गोपाल सिंह की है। कपिल शादियों में हलवाई का काम करता है और पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी चल रही थी। आरोप है कि पत्नी शनिवार सुबह नवजात को यहां छोड़कर चली गई।
खबरों के अनुसार, कपिल उस समय अपने काम पर गया हुआ था। सड़क पर पड़ी बच्ची को कुत्तों ने घेर रखा था। राहगीरों ने उसकी जान बचाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बच्ची की बुआ भी मौके पर आ गई। पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की।
इंद्रा ज्योति नगर शाहदरा निवासी सोना पत्नी देवेंद्र ने बताया कि उसके भाई कपिल के साथ दो साल से रह रही ज्योति पहले से शादीशुदा है। वह दोनों लिव-इन में रह रहे थे। ज्योति का एक पांच साल का बेटा भी है। करीब डेढ़ माह पूर्व उसने एक बच्ची को जन्म दिया था।
थाना ट्रांस यमुना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शाहदरा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह और अरविंद कुमार ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में एक महिला द्वारा बच्ची को सड़क पर छोड़ने की पुष्टि हुई। फिलहाल एक माह की मासूम को उसकी बुआ के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments