दयालबाग पुलिस चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, विवेचनाओं में लापरवाही पर डीसीपी सिटी का कड़ा एक्शन
आगरा, 13 दिसम्बर। विवेचनाओं में लापरवाही और लगातार मिल रही शिकायतों पर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दयालबाग चौकी इंचार्ज जोगेश्वर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। डीसीपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली है।
खबरों के मुताबिक, दयालबाग चौकी से संबंधित मामलों में विवेचनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। कई मामलों में अनावश्यक देरी, आवश्यक कार्रवाई न होना और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान न करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों की प्राथमिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर चौकी इंचार्ज के खिलाफ यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
बताया जाता है कि उच्चाधिकारियों द्वारा कई बार मौखिक और लिखित निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डीसीपी सिटी ने जोगेश्वर सिंह को लाइन हाज़िर करने का निर्णय लिया।
डीसीपी सिटी द्वारा की गई इस कार्रवाई को एक स्पष्ट चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है कि विवेचनाओं में लापरवाही और जनता की शिकायतों को नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments