पूर्व मंत्री, भाजपा नेता नितिन गुप्ता के फ्लैट से कर्मचारी का शव मिला, परिजनों का हंगामा
आगरा, 18 नवम्बर। भाजपा नेता नितिन गुप्ता के विजय नगर कालोनी स्थित फ्लैट की ऊपरी मंजिल पर उनके कर्मचारी का शव मिलने से गुस्साए परिजनों ने थाना हरिपर्वत में हंगामा कर दिया। उन्होंने भाजपा नेता पर सबूत मिटाने के आरोप लगाए। नितिन गुप्ता को समाजवादी पार्टी के शासन में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था। बाद में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
नितिन गुप्ता ने पुरानी विजय नगर कालोनी में विजय क्लब के पास अपार्टमेंट बनाया है। यहां फ्लैट की ऊपरी मंजिल पर सोमवार की शाम उनके कर्मचारी परवेज का शव मिला था। परवेज (38 वर्ष) नितिन का कार चालक था।
खबरों के अनुसार, लेंटर गिरने से उसकी मौत हुई। मृतक के परिवारीजनों ने नितिन पर सीसीटीवी फुटेज और सबूत मिटाने का आरोप लगाया। परिजन थाना हरिपर्वत पहुंच गए और हंगामा करने लगे। समाचार मिलने तक पुलिस ने नितिन गुप्ता को पूछताछ के लिए थाने में बिठा रखा था। अभी इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments