दयालबाग में सुबह टहलने निकली महिला को युवक ने चाकू घोंपा

आगरा, 27 फरवरी। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत दयालबाग में आज शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला पर एक युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे सोना देवी रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकली थीं। नगला पदी, दयालबाग निवासी आरोपी श्याम सुन्दर उसी दौरान क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। महिला द्वारा टोके जाने पर वह अचानक उग्र हो गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, इसके बाद आरोपी ने पीछे से चाकू से वार कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने कुछ ही घंटों में खासपुर चौराहे के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
शुरुआती पूछताछ में पता चला कि आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी कारण वह मानसिक रूप से आक्रोशित था और महिलाओं के प्रति द्वेष भावना रखने लगा था। पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments