इमाम ने रची सर्राफ से साढ़े बारह करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश, तीन साथी भी गिरफ्तार
आगरा, 04 मार्च। थाना मलपुरा और साइबर/सर्विलांस पुलिस टीम ने सर्राफा कारोबारी से साढ़े बारह करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश में धनौली के इमाम और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है।
खबरों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में धनौली निवासी इमाम लतीफउर्हमान, ककुआ निवासी हृदेश, सैंया क्षेत्र के बीरई गांव का निवासी गौरव शर्मा और मथुरा के कदौना गांव का निवासी धीरज शामिल हैं। यह गिरफ्तारी थाना मलपुरा एवं साइबर/सर्विलांस/काउंटर इंटेलिजेंस पुलिस टीम की संयुक्त कार्यवाही में की गई।
इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ के मुताबिक ककुआ निवासी सर्राफा व्यापारी प्रमोद अग्रवाल की सर्राफे की दुकान में 19 फरवरी की रात चोरी हुई थी। इसके बाद 23 फरवरी से व्यापारी और उनके परिवार को अलग-अलग मोबाइल फोन नंबरों से जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। धमकी देने वाले लोग 12.5 करोड़ रुपये की रकम का 20 प्रतिशत देने की मांग कर रहे थे।
इस मामले में 28 फरवरी को थाना मलपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त गण ऑनलाइन तरीके से अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन पोर्टल, सेकेंड लाइन प्लस और जस्ट कॉल जैसे ऐप का इस्तेमाल कर वर्चुअल नंबर बनाते थे। इसके बाद उन्हीं नंबरों से व्यापारी को धमकी भरे फोन करते थे।सभी आरोपी पहले से धमकी देने की स्क्रिप्ट तैयार करते थे। उस स्क्रिप्ट को भोजपुरी भाषा में अनुवाद कर रिहर्सल के बाद व्यापारी को फोन कर डराते थे। कॉल करने के बाद सबूत मिटाने के लिए लिखे हुए कागज को चबाकर नष्ट कर देते थे।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार, छह मोबाइल फोन और एक कॉपी बरामद की। जांच में उनके मोबाइल फोन से धमकी से जुड़े ऑडियो, वीडियो, फोटो और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद हुए।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments