ऑटो रिक्शा चालक के साथ दुष्कर्म नहीं कर पाए तो कर दी उसकी हत्या, दो गिरफ्तार

आगरा, 02 मार्च। थाना सैंया क्षेत्र में पिछले माह हुई ऑटो रिक्शा चालक विजयपाल की हत्या में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों ने विजयपाल के साथ कुकर्म का प्रयास किया था। विरोध करने पर मारपीट कर उसके कपड़े उतार दिए और धक्का देकर नाले में गिरा दिया। उन्होंने विजयपाल को पानी में दबाए रखा, जिससे उसकी मौत हो गई। 
पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लाडूखेड़ा पेट्रोल पंप के पास से दो अभियुक्तों विष्णु और अमित शुक्ला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार कि पिछले माह 14 फरवरी को उन्होंने तीन सौ रुपये में ऑटो रिक्शा किराए पर लिया था। उन्होंने रास्ते में शराब पी और चालक विजयपाल को भी पिलाई। रेलवे ओवरब्रिज के पास दोनों ने चालक के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर विजयपाल को सड़क से नीचे खाई की ओर ले गए। उन्होंने जबरन उसके कपड़े उतारे। इस दौरान झगड़ा बढ़ने पर उसे नाले में धक्का दे दिया और पानी में डुबोकर मार डाला। घटना के बाद शव नाले में फेंक दिया गया। 
तीन दिन बाद राजस्थान के सीमावर्ती जिले धौलपुर के निवासी हुकम सिंह ने थाना सैंया में तहरीर दी कि उनका भाई विजयपाल दो अज्ञात युवकों के साथ ऑटो रिक्शा से गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। अगले दिन सैंया-इरादतनगर मार्ग पर पुल के पास ऑटो रिक्शा लावारिस खड़ा मिला। कुछ दूरी पर विजयपाल के कपड़े-चप्पल पड़े मिले। नाले में उसका शव बरामद हुआ। 
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से मृतक का बैग और दस्तावेज बरामद किए हैं। बैग में मृतक के आधार कार्ड, डीएल, फोटो, टेम्पो की आरसी और अन्य दस्तावेज मिले।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments