रावण वध के बाद भव्य आतिशबाजी देखने उमड़ा समूचा आगरा, 120 फीट ऊंचे पुतले का दहन
आगरा, 02 अक्टूबर। रघुवंश शिरोमणि श्रीराम ने रामलीला मैदान में गुरुवार को जैसे ही दशानन का वध किया, श्रीराम के गगनभेदी जयघोष गूंज उठे। आतिशी धमाकों ने श्रीराम की विजय का संदेश दसों दिशाओं में पहुंचा दिया। बैंड बाजों की धुनों ने माहौल में खुशियां बिखेर दीं। आतिशबाजी के नजारों ने विजय की प्रसन्नता को झिलमिला दिया और उसके बाद धू धू करके रावण का पुतला जल कर कुछ ही देर में राख हो गया। हर वर्ष की भांति आतिशबाजी का शानदार मुकाबला देखने समूचा आगरा उमड़ पड़ा था। रात्रि साढ़े दस बजे आतिशबाजी का मुकाबला शुरू होने तक रामलीला मैदान हर ओर से खचाखच भर चुका था।
मैदान में थे अलीगढ़ के मोहन और मथुरा के अजय। दोनों ने ही एक के बाद एक आतिशबाजी के नजारे दिखाए। कभी आसमान लाल हो जाता तो कभी प्रकाश की किरणें छा जातीं। कभी आसमान में एक साथ धमाके होते तो कभी आसमान से मोती झरने लगते। आतिशी झरनों ने भी सभी का दिल जीत लिया। आतिशबाजी से बने अनेक संदेश भी दिये गए। अन्य कई आइटम दिखा कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मुकाबले के निर्णायक मंडल मध्यवर्ती चबूतरे पर विराजमान थे।
श्रीराम लीला में गुरुवार का दिन बहुत खास था। प्रवेश द्वार को विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरा मैदान झिलमिला रहा था। सांझ होते ही हजारों, लाखों कदम रामलीला मैदान में पहुंचने लगे। राम मंच पर संक्षिप्त मंचन के बाद राम और रावण का घमासान युद्ध मैदान में होने लगा। एक रथ पर झिलमिलाते सूर्य के मुकुट को धारण किए रघुनंदन और शेषनाग का मुकुट पहने लक्ष्मण जी विराजमान थे, दूसरे पर काले कपडे़ पहने रावण और उसकी सेना थी। दोनों ओर से घमासान युद्ध हुआ। तीरों की बौछार हुई। राम की सेना जय श्रीराम और रावण की सेना दशानन के जयघोष करते हुए युद्ध कर रही थी। इस रोमांचकारी युद्ध का नजारा लाखों लोग देख रहे थे। मैदान के चक्कर लगाने के बाद यह दोनों सेनाएं मध्यवर्ती चबूतरे पर पहुंच गईं। यहां फिर से युद्ध हुआ तलवार खनकती रहीं, भाले चलते रहे और अंत में प्रभु श्रीराम ने रावण का वध कर दिया।
रावण का वध होते ही आतिशी धमाके गूंज उठे। बैंड बाजों ने खुशी की धुनें निकाली और हर ओर जय श्री राम-जयश्रीराम के उद्घोष गूंज उठे।
बरषहिं सुमन देव मुनि बृंदा।
जय कृपाल जय जयति मुकुंदा।।
इस दौरान मंच पर प्रभु श्रीराम की आरती करने वालों में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, भगवान दास बंसल, विजय प्रकाश गोयल, ताराचंद, संजय तिवारी, मुकेश जौहरी, मनोज अग्रवाल, विनोद जौहरी, प्रवीन गर्ग, महेश चन्द, प्रवीन स्वरूप, विष्णु दयाल बंसल, आनंद मंगल, मोहित गोयल, मनोज, प्रकाशचंद, अंजुल बंसल, रामांशु शर्मा, राम राहुल शर्मा मनीष शर्मा हृदयेश गोस्वामी, रामाशीष शर्मा, सोनू शर्मा, सौरभ गौतम, दिलीप कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार अग्रवाल, गिरधर शरण अग्रवाल, शैलेंद्र अग्रवाल, बॉबी, निक्की जौहरी, राहुल गौतम थे।
-----------------------------
Post a Comment
0 Comments