आरएसएस प्रचारकों में फेरबदल: आलोक कुमार सह सरकार्यवाह, डॉ हरीश रौतेला क्षेत्र सह संपर्क प्रमुख और धर्मेंद्र ब्रज प्रांत प्रचारक बने
आगरा, 17 मार्च। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नागपुर में सम्पन्न तीन दिवसीय बैठक के अंतिम दिन रविवार को कई प्रचारकों के दायित्व में परिवर्तन हुए हैं। अभी तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख के नाते संघ कार्य को गति दे रहे आलोक कुमार अब सह सरकार्यवाह के रूप में कार्य करेंगे। आलोक कुमार इससे पहले पश्चिमी उप्र एवं उत्तराखंड क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक भी रह चुके हैं। आगरा में उन्होंने प्रवास कर संघ कार्य का गति देने के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। आलोक कुमार के कार्यकाल में आगरा व ब्रज प्रांत के कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी सम्पन्न हुआ।
वहीं अभी तक ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचारक रहे डॉ. हरीश रौतेला अब पश्चिमी उप्र एवं उत्तराखंड क्षेत्र के सह क्षेत्र संपर्क प्रमुख के रूप में कार्य करेंगे। डॉ. हरीश वर्ष 2015 से ब्रज के प्रांत प्रचारक थे। इससे पहले उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक रहे। ब्रजप्रांत प्रचारक के नाते डॉ. हरीश जी ने जहां नए स्वयंसेवक बनाए तो वहीं विविध आयामों के माध्यम से संघ कार्य को गति दी।
ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के दायित्व का निर्वहन कर रहे धर्मेंद्र कुमार को ब्रज का नया प्रांत प्रचारक बनाया गया है। धर्मेंद्र बाल्यकाल से ही संघ के स्वयंसेवक हैं। आगरा विभाग के प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी ने बताया कि धर्मेंद्र वर्ष 1999 में डवारसी, अमरोहा में स्वयंसेवक बने और वर्ष 2004 में प्रचारक निकले। वर्ष 2008 में मेरठ प्रांत के मुज्जफरनगर में एवं रामपुर में जिला प्रचारक रहे। वर्ष 2014 में एटा और वर्ष 2017 में आगरा के विभाग प्रचारक बने। इसे बार सह प्रांत प्रचारक और अब प्रांत प्रचारक के नाते संघ कार्य को गति देंगे।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments