50 ग्राम सोने के आभूषण उड़ा ले गए टप्पेबाज, एक हजार के नोट हाथ में लेते ही बेहोश हुआ दुकानदार
आगरा, 01 जुलाई। थाना सदर के अंतर्गत रोहता में दिनदहाड़े ज्वैलरी की दुकान में टप्पेबाजों ने 50 ग्राम सोने के आभूषण लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रोहता में ओम ज्वेलर्स नामक सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। संचालक निशांत सोनी ने बताया कि बुधवार को दुकान के काम से वह शहर से बाहर थे और दुकान पर पिता गोलाराम सैनी बैठे हुए थे। दोपहर करीब तीन बजे बाइक पर दो युवक आए। उनमें से एक दुकान के अंदर आया और उसने बच्ची के लिए कान की बालियां दिखाने को कहा। उसने एक बाली पसंद की और एक हजार रुपये एडवांस देकर उन्हें अलग रखने को कहा। कुछ ही देर में बाकी के रुपये देकर बाली ले जाने को कहा।
निशांत सोनी ने बताया कि एडवांस के नोट हाथ में लेते ही कुछ ही सेकेंड में उसके पिता बेसुध हो गए। इसका फायदा उठाकर शातिर ने काउंटर की दराज खोलकर उसमें रखे आभूषणों के दो पैकेट निकाल लिए और बाहर बाइक पर खड़े अपने साथी के साथ बैठकर भाग गया।
निशांत ने बताया कि टप्पेबाज करीब 50 ग्राम सोने के जेवर ले गए। कुछ देर बाद होश में आने पर पिता ने इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments